प्रयागराज जंक्शन पर चला सघन टिकट चेकिंग अभियान
--304 यात्रियों से वसूला गया एक लाख 98 हजार रुपये से अधिक जुर्माना --1,600 किलोग्राम अनबुक्ड लगेज पर 16,291 रुपये जुर्माना
प्रयागराज, 05 फरवरी (हि.स)। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रयागराज हरिमोहन के मार्गदर्शन में यात्रियों को उच्च स्तरीय सेवा प्रदान एवं बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रयागराज जंक्शन पर किलेबंदी कर टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। जिसमें 304 यात्रियों से एक लाख 98 हजार से अधिक जुर्माना वसूला गया।
जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गुरूवार को बताया कि बुधवार को देर रात्रि तक चले चेकिंग अभियान में सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) प्रयागराज दिनेश कुमार एवं स्टेशन निदेशक प्रयागराज जंक्शन वी.के द्विवेदी के सुपरविजन में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 300 यात्रियों से 1,97,250 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले 93 यात्रियों से 92,800, अनियमित यात्रा करने वाले 207 यात्रियों से 1,04,450 रूपये जुर्माना वसूला गया।
पीआरओ ने बताया कि आज गुरूवार को प्रयागराज जंक्शन-सूबेदारगंज स्टेशन के मध्य जांच के दौरान कुल 1,600 किलोग्राम अनबुक्ड लगेज के साथ चार यात्रियों को पकड़ा गया। उक्त अनबुक्ड लगेज पर 16,291 रूपये जुर्माना एवं यात्रियों से बिना टिकट यात्रा के लिए 1,500 रूपये जुर्माना वसूला गया। इस अभियान में मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक प्रयागराज दिवाकर शुक्ला, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक प्रयागराज जंक्शन आर.पी मीना एवं चेकिंग स्टाफ के साथ आरपीएफ एवं जीआरपी स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

