पार्किंग में खड़े तीन वाहनों में लगी भयंकर आग

WhatsApp Channel Join Now
पार्किंग में खड़े तीन वाहनों में लगी भयंकर आग


नोएडा, 19 अप्रैल (हि.स.)। बादलपुर थाना क्षेत्र में रविवार की शाम को पार्किंग में खड़ी तीन गाड़ियों में आग लग गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

मुख्य दमकल अधिकारी प्रदीप कुमार चौबे ने बताया कि सूचना मिलते ही दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मौके पर फायर स्टेशन ऑफिसर (एफएसओ) के नेतृत्व में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। आग बुझाने के लिए फायर स्टेशन ईकोटेक-3, गौड़ सिटी यूनिट और दादरी यूनिट की कुल तीन गाड़ियों को लगाया गया।

दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक आग की चपेट में आकर तीनों गाड़ियां बुरी तरह से जल गईं थीं। घटना के दौरान स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल रहा और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार घटना से कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हैं। हालांकि, प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि पास में पड़े कूड़े के ढेर में लगी चिंगारी से आग लगी। तेज हवा के चलते आग फैलकर वाहनों तक पहुंच गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story