करंट लगने से तीन सगी बहनें झुलसी, एक की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 29 जुलाई (हि.स.)। खेत में धान की बेड़ लगाने मां के साथ गई तीन सगी बहनें बिजली के खंभे में उतरे करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में सबसे छोटी बहन तीन वर्षीय रोहनी की मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन छह वर्षीय माधुरी पूरी तरह से गंभीर रूप से झुलस गई। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चार वर्षीय रागनी को भी करंट लगा, लेकिन उसकी हालत खतरे से बाहर है। घटना उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में कालिंजर थाना क्षेत्र के भारतपुर अंश मसौनी गांव में बुधवार को हुई।

मृत बच्ची के पिता रामकरण ने बताया कि उनकी बहू वंदना अपने पति रामकरण के खेत में धान की बेड़ लगाने गई थी। वह अपनी तीनों बेटियों माधुरी (6), रागनी (4) और रोहनी (3) को भी साथ ले गई थी। खेत के पास खेलते समय बच्चियां वहां लगे बिजली के खंभे में रखे ट्रांसफार्मर का अर्थिंग तार नीचे पड़ा था उसी के संपर्क में आ गईं। जिससे खंभे में उतरे करंट की चपेट में आने से तीनों बच्चियां झुलस गईं। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने तीन वर्षीय रोहनी को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह वर्षीय माधुरी का उपचार चल रहा है। रागनी की हालत सामान्य बताई गई है।

घटना की सूचना पर कालिंजर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ विद्युत विभाग के लापरवाह कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story