तीन सड़क हादसों में पूर्व मंत्री के भतीजे सहित तीन की मौत

WhatsApp Channel Join Now
तीन सड़क हादसों में पूर्व मंत्री के भतीजे सहित तीन की मौत


बांदा, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में रविवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए तीन सड़क हादसों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पूर्व मंत्री एवं बबेरू से तीन बार विधायक रहे गयाचरण दिनकर का 18 वर्षीय भतीजा और कृषि विभाग में तैनात तकनीकी सहायक शामिल हैं। वहीं, स्कार्पियो की टक्कर से एक 68 वर्षीय किसान की भी जान चली गई। तीनों घटनाओं के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा है।

ट्रैक्टर पलटने से पूर्व मंत्री के भतीजे की मौत

बबेरू कोतवाली क्षेत्र के टोलाकला गांव निवासी 18 वर्षीय मुकेश कुमार पुत्र मूलचंद्र कस्बे के जेपी शर्मा इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं का छात्र था। रविवार को वह गांव से ट्रैक्टर लेकर बबेरू जा रहा था। हरदौली गांव के पास अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। मुकेश ट्रैक्टर के नीचे दब गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजन उसे तत्काल सीएचसी बबेरू ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुकेश पूर्व मंत्री गयाचरण दिनकर का भतीजा था। वह दो भाइयों और दो बहनों में तीसरे नंबर का था। बेटे की मौत से मां रामलली समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी संजय द्विवेदी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

स्कार्पियो की टक्कर से किसान की मौत

तिंदवारी थाना क्षेत्र के मिरगहनी गांव निवासी 68 वर्षीय बंदी प्रसाद पुत्र भुलुवा शनिवार सुबह पैदल खेत जा रहे थे। घर के नजदीक पीछे से आई तेज रफ्तार स्कार्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। परिजनों ने उन्हें पीएचसी तिंदवारी में भर्ती कराया। हालत में सुधार न होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां से डॉक्टरों ने कानपुर भेज दिया। परिजन उन्हें लेकर कानपुर जा रहे थे, तभी रास्ते में रविवार को उनकी मौत हो गई। मृतक के पुत्र सौरभ के मुताबिक बंदी प्रसाद के पास 14 बीघा कृषि भूमि थी और वह खेती करते थे। उनके परिवार में पत्नी रामदुलारी और पांच पुत्र हैं। पुलिस फरार स्कार्पियो और चालक की तलाश कर रही है।

दो बाइकों की भिड़ंत में कृषि विभाग कर्मचारी की मौत, जीजा-साला घायल

कमासिन ब्लॉक स्थित कृषि विभाग कार्यालय में तकनीकी सहायक के पद पर तैनात 45 वर्षीय दीनानाथ यादव की रविवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में मौत हो गई। वह मूलरूप से कुशीनगर जिले के पथरौली गांव के निवासी थे। रविवार को अवकाश होने के बावजूद वह करीब साढ़े तीन बजे बाइक से अपने कार्यक्षेत्र खरौली गांव जा रहे थे। खरौली गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। हादसे में दीनानाथ यादव और दूसरी बाइक पर सवार कुमेढ़ा सानी निवासी पवन वर्मा तथा उनका साला गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दीनानाथ को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में जीजा-साले को जिला अस्पताल रेफर किया गया। बताया गया कि दीनानाथ पिछले पांच वर्षों से कमासिन ब्लॉक में तैनात थे और ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की खाद-बीज बुकिंग, फार्मर रजिस्ट्री तथा किसान आईडी बनाने का काम करते थे। कमासिन थाना प्रभारी संतोष कुमार ओझा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777757 Articles

Share this story