दीपावली पर सात दिन मुफ्त रहेंगी तीन मल्टीलेवल पार्किंग, झकरकट्टी का दबाव घटाने को बसों के रूट बदलेंगे : मण्डलायुक्त

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर सात दिन मुफ्त रहेंगी तीन मल्टीलेवल पार्किंग, झकरकट्टी का दबाव घटाने को बसों के रूट बदलेंगे : मण्डलायुक्त


कानपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। झकरकट्टी बस अड्डे पर बसों के अत्यधिक दबाव और सड़कों पर खड़े वाहनों से शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित होता है। इसे देखते हुए बसों के संचालन में बदलाव किया जाएगा। दीपावली पर बाजारों में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए तीन मल्टीलेवल पार्किंग सात दिनों तक निःशुल्क रहेंगी। यह बातें मंगलवार को मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने आयुक्त शिविर कार्यालय में यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान कहीं।

बैठक में निर्णय लिया गया कि आगरा, इटावा और गाजियाबाद की ओर से आने वाली ऐसी रोडवेज बसें, जिनका गंतव्य कानपुर से आगे लखनऊ या अन्य शहर हैं, उन्हें झकरकट्टी बस अड्डे नहीं आना होगा। ये बसें भौती, नौबस्ता फ्लाईओवर और रामादेवी होते हुए अपने गंतव्य की ओर जाएंगी। इससे झकरकट्टी बस अड्डे और टाटमिल चौराहे पर बसों का दबाव कम होगा।

वहीं, विकासनगर स्थित सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से बसों का संचालन बढ़ाया जाएगा। पांच नवंबर से लखनऊ, हरदोई और रायबरेली रूट की बसें सरैया क्रॉसिंग होकर चलेंगी। इससे जरीब चौकी से घंटाघर मार्ग पर यातायात का दबाव घटेगा। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि झकरकट्टी बस अड्डे पर आने वाली बसें परिसर के भीतर ही खड़ी हों। सड़क पर बस खड़ी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डग्गामार वाहनों के विरुद्ध रोडवेज और पुलिस संयुक्त अभियान चलाएंगे।

दीपावली पर फूलबाग, परेड चौराहा और पंचक्की की मल्टीलेवल पार्किंग सात दिनों तक निःशुल्क रहेंगी। इसके अलावा परेड स्थित रामलीला मैदान में भी अस्थायी निःशुल्क पार्किंग की सुविधा मिलेगी। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को इन व्यवस्थाओं का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोग निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल कर सकें।

बैठक में बड़ा चौराहा, परेड, विजयनगर, फजलगंज और कल्याणपुर सहित प्रमुख बाजारों से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने कहा कि सड़क और फुटपाथ पर अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है। संबंधित विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई करें।

सड़क मरम्मत कार्यों की समीक्षा में मेट्रो अधिकारियों को विजयनगर चौराहा से डबल पुलिया मार्ग को जल्द आवागमन योग्य बनाने और कंपनी बाग से रावतपुर मार्ग का मरम्मत कार्य प्राथमिकता से पूरा करने को कहा गया। नगर निगम के सड़क निर्माण और गड्ढामुक्ति कार्यों की गुणवत्ता जांच को भी अनिवार्य किया गया। निर्देश दिए गए कि कोर कटिंग और एचबीटीयू से गुणवत्ता जांच कराने के बाद ही संबंधित कार्यों का भुगतान किया जाए।

बैठक में संयुक्त पुलिस आयुक्त विपिन ताडा, डीसीपी यातायात अभयनाथ त्रिपाठी, संभागीय परिवहन अधिकारी राकेंद्र सिंह, रोडवेज के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रामलवट चौधरी और अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771996 Articles

Share this story