स्टॉक व बिक्री रजिस्टर में गड़बड़ी पर तीन उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलम्बित

WhatsApp Channel Join Now
स्टॉक व बिक्री रजिस्टर में गड़बड़ी पर तीन उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलम्बित


स्टॉक व बिक्री रजिस्टर में गड़बड़ी पर तीन उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलम्बित


अमेठी, 21 अप्रैल (हि.स.)। अमेठी जनपद में उर्वरकों की उपलब्धता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे निरीक्षण अभियान के तहत प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिए हैं ।

यह कार्रवाई संयुक्त कृषि निदेशक अयोध्या मंडल अवतीन्द्र कुमार मिश्र एवं जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से की गई। औचक निरीक्षण के दौरान उर्वरक दुकानों एवं गेहूं क्रय केंद्रों की जांच की गई, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण के दौरान मेसर्स यदुवंशी ट्रेडर्स, पूरबगांव द्वारा स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। वहीं मेसर्स तिवारी ट्रेडर्स, गौरीगंज के पास चालू वर्ष का स्टॉक व बिक्री रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिला। इसके अलावा इफको किसान सेवा केंद्र, गौरीगंज का स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर भी सत्यापित नहीं पाया गया। इन खामियों के चलते तीनों विक्रेताओं के लाइसेंस निलम्बित करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अतिरिक्त साधन सहकारी समिति, जगदीशपुर एवं माधवपुर के निरीक्षण के दौरान केंद्र बंद पाए जाने पर सम्बंधित को नोटिस जारी किया गया है।

जिला कृषि अधिकारी राजेश कुमार यादव ने सभी फुटकर उर्वरक विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए हैं कि बिक्री रजिस्टर में किसान का मोबाइल नंबर, खतौनी नंबर एवं फार्मर रजिस्ट्री नंबर अनिवार्य रूप से दर्ज करें। साथ ही निर्देशों का पालन न करने पर विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को उनकी फसल के अनुसार निर्धारित दरों पर ही उर्वरक उपलब्ध कराया जाए। प्रति हेक्टेयर अधिकतम 5 बोरी डीएपी एवं 7 बोरी यूरिया की बिक्री ही अनुमन्य होगी। सभी विक्रेताओं को स्टॉक व बिक्री रजिस्टर, रेट बोर्ड, कैश मेमो एवं अनुदान संबंधी जानकारी का प्रदर्शन अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पीओएस मशीन में दर्ज स्टॉक और भौतिक स्टॉक में किसी प्रकार का अंतर नहीं होना चाहिए। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

Share this story