बाइक और स्कूटी की भिडंत में तीन की मौत, दो घायल
संभल, 15 मार्च (हि.स.)। जनपद संभल के बहजोई कोतवाली क्षेत्र में इस्लामनगर रोड पर एंग्लो वैदिक स्कूल के पास रविवार देर शाम एक सड़क हादसा हो गया जिसमें स्कूटी और बाइक की भिड़ंत में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
बहजोई कोतवाली क्षेत्र के इस्लामनगर रोड पर एंग्लो वैदिक स्कूल के पास बाइक और स्कूटी की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस की मदद से बहजोई स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई है।
इस विषय में जानकारी देते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी बहजोई डॉ प्रदीप कुमार ने बताया कि बहजोई थाना क्षेत्र के इस्लामनगर रोड पर बाइक और स्कूटी की भिड़ंत हो गई जिसमें बाइक पर दो लोग और स्कूटी पर तीन लोग सवार थे। इस टक्कर में तीन लोग ऑन स्पॉट ही मृत हो गए जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी व्यक्तियों को बहजोई के संयुक्त चिकित्सालय में भिजवाया जहां डॉक्टर के परीक्षण के उपरांत तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया जबकि घायल दो अन्य लोगों को वास्ते उचित चिकित्सा रेफर किया गया है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक साक्ष्य संकलन कार्रवाई की जा रही है और शांति व्यवस्था कायम है।
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar

