तीन दिन से लापता किशोरी का शव नदी में मिला, पुलिस जांच में जुटी

WhatsApp Channel Join Now
तीन दिन से लापता किशोरी का शव नदी में मिला, पुलिस जांच में जुटी


फर्रुखाबाद, 02 अप्रैल (हि.स.)। नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सिरौली से लापता 15 वर्षीय किशोरी का शव काली नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है।

ग्राम सिरौली निवासी अजय कुमार ने 30 मार्च को थाना नवाबगंज में मुकदमा दर्ज कराते हुए आरोप लगाया था कि उनकी 15 वर्षीय पुत्री अंशु का गांव के ही अंशुल पाल पुत्र श्याम सिंह, कुलदीप और रोहित ने मिलकर अपहरण कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

इसी बीच दोपहर करीब 3 बजे थाना मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम कुमौली के निकट फर्रुखाबाद-कन्नौज बॉर्डर पर काली नदी में एक किशोरी का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। आसपास जानवर चरा रहे चरवाहों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना मोहम्मदाबाद व नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। शव की शिनाख्त अंशु पुत्री अजय कुमार निवासी सिरौली के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से परिजनों में चीख-पुकार मच गई और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

थाना प्रभारी राजीव कुमार नवाबगंज ने बताया कि मामले में नामजद तीनों आरोपितों को पहले पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ के दौरान एक मुख्य आरोपित ने किशोरी से प्रेम संबंध होने और फोन पर बातचीत की बात स्वीकार की थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें जांच में सहयोग की हिदायत देकर छोड़ दिया था।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अब किशोरी का शव मिलने के बाद मामले की दिशा बदल गई है। दर्ज मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और भय का माहौल है, वहीं परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

Share this story