मोतीझील में त्रि-दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ, दी गई योजनाओं की जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
मोतीझील में त्रि-दिवसीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ, दी गई योजनाओं की जानकारी


कानपुर, 14 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचा रही हैं। जनसेवा और सुशासन के ये 12 वर्ष राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे। यह बातें रविवार को महापौर प्रमिला पांडेय ने कही।

मोदी सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को मोतीझील स्थित प्रमिला सभागार में त्रि-दिवसीीय जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ महापौर प्रमिला पांडे एवं नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं का समाधान किया गया।

शिविर में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। साथ ही बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी लोगों को उपलब्ध कराई गई तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया समझाई गई।

जनसुनवाई कैंप में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की सुविधा उपलब्ध कराई गई। स्वास्थ्य मेले में नागरिकों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ आवश्यक परामर्श भी दिया गया। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

महापौर प्रमिला पांडे ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

इससे पूर्व सिविल लाइंस स्थित एमजी कॉलेज में जनसुनवाई कैंप आयोजित किया गया। कैंप में महापौर, नगर आयुक्त एवं नगर निगम के अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया और क्षेत्रीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story