बांदा में 26 से 28 फरवरी तक लगेगा किसानों का कुंभ

WhatsApp Channel Join Now

बांदा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र में किसानों के लिए एक बड़ा अवसर सामने आ रहा है। बांदा कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में 26 से 28 फरवरी तक तीन दिवसीय उत्तर क्षेत्रीय किसान मेला आयोजित किया जाएगा, जिसे किसानों का कुंभ कहा जा रहा है। इस भव्य मेले में देश के उत्तर क्षेत्र के विभिन्न राज्यों से किसान, वैज्ञानिक और कृषि उद्यमी भाग लेंगे।

इस मेले में जम्मू एवं कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तराखण्ड और उत्तर प्रदेश के किसान भाग लेकर आधुनिक खेती की तकनीकों और अनुभवों का आदान-प्रदान करेंगे।

मेले का शुभारंभ प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर गौसेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और नरैनी विधायक ओममणि वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि व कृषि वैज्ञानिक मौजूद रहेंगे।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस.वी.एस. राजू ने क्षेत्र के किसानों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है, ताकि वे आधुनिक कृषि तकनीकों से लाभान्वित हो सकें।

मेले में किसानों को एक ही मंच पर उन्नत कृषि तकनीक, नए बीज, खाद, कृषि रसायन, पशु आहार और कृषि उपकरणों की जानकारी मिलेगी। मेले में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थान भी अपनी तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। मिलेट आधारित उत्पाद, हस्तशिल्प और छात्रों के सजीव मॉडल आकर्षण का केंद्र होंगे। फसल, फल-फूल, सब्जी व पशु प्रतियोगिताएं होंगी। विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।

निदेशक प्रसार प्रो. एन.के. बाजपेयी ने बुधवार को बताया कि यह मेला किसानों, कृषि उद्यमियों और हितधारकों के लिए ज्ञान और व्यवसाय का एक बड़ा मंच साबित होगा। वहीं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. धीरज मिश्रा ने बताया कि मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story