सीएसए में 27 से आयाेजित हाेगा तीन दिवसीय उद्यमिता कॉनक्लैव : के. विजयेंद्र पांडियन

WhatsApp Channel Join Now
सीएसए में 27 से आयाेजित हाेगा तीन दिवसीय उद्यमिता कॉनक्लैव : के. विजयेंद्र पांडियन


कानपुर, 26 मार्च (हि.स.)। विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमिता कॉनक्लैव एवं क्षेत्रीय ट्रेड शो का आयोजन किया जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश को ‘उद्यम प्रदेश’ के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। यह बातें गुरुवार को चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के कुलपति व मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने कहीं।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के मुख्य प्रांगण में 27 से 29 मार्च तक तीन दिवसीय उद्यमिता कॉनक्लैव का आयोजन किया जाएगा, जिसका उद्घाटन 27 मार्च को प्रातः 10:30 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि लघु, सूक्ष्म, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री राकेश सचान विशिष्ट अतिथि रहेंगे।

कुलपति ने बताया कि कार्यक्रम में कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, अर्चना पांडे, सलिल बिश्नोई, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सीएसजेएमयू के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक, एसबीटीयू के कुलपति डॉ. शमशेर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने कहा कि कॉनक्लैव के दौरान स्टार्टअप आइडिया प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा, जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार रुपये, तृतीय को 30 हजार रुपये तथा चयनित प्रतिभागियों को 10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

कार्यक्रम में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे और एफएफडीसी कन्नौज व आईआईटी कानपुर के साथ विश्वविद्यालय का एमओयू भी साइन किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. कौशल कुमार, निदेशक प्रसार डॉ. विवेक कुमार त्रिपाठी, निदेशक शोध डॉ. महक सिंह, अर्थ नियंत्रक संजय कुमार राय, डॉ. नौशाद खान सहित विश्वविद्यालय एवं एमएसएमई के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story