केराकत रजवाहा में तीन मगरमच्छ दिखने से दहशत, वन विभाग ने शुरू की निगरानी

WhatsApp Channel Join Now
केराकत रजवाहा में तीन मगरमच्छ दिखने से दहशत, वन विभाग ने शुरू की निगरानी


जौनपुर,21 जुलाई (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मड़ियाहूं कोतवाली थाना क्षेत्र के जोगापुर गांव स्थित केराकत रजवाहा में पुलिया के पास मंगलवार सुबह तीन मगरमच्छ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। मगरमच्छों की सूचना मिलते ही आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग मौके पर जुट गए। एहतियात के तौर पर ग्रामीणों ने बच्चों और पशुओं को रजवाहे के किनारे जाने से रोक दिया।घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग और मड़ियाहूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई। वन क्षेत्र अधिकारी विद्यासागर के नेतृत्व में डिप्टी रेंजर अतुल और अमित, वनरक्षक हिमांशु तथा कमला शंकर पांडेय की टीम ने मौके पर पहुंचकर मगरमच्छों की तलाश शुरू की। हालांकि, टीम के पहुंचने से पहले ही तीनों मगरमच्छ पानी में ओझल हो गए, जिससे उनका पता नहीं चल सका।वन विभाग की टीम मौके पर लगातार निगरानी कर रही है। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रजवाहे के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं और पूरी सतर्कता बरतें।ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने तथा मगरमच्छों को सुरक्षित रेस्क्यू कर अन्य उपयुक्त स्थान पर छोड़े जाने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।इस मामले में जानकारी लेने पर वन क्षेत्र अधिकारी विद्यासागर ने बताया कि ग्रामीणों से तीन मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन फिलहाल मगरमच्छ दिखाई नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story