साइबर ठगी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.55 करोड़ रुपये कराए गए होल्ड

WhatsApp Channel Join Now
साइबर ठगी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, 1.55 करोड़ रुपये कराए गए होल्ड


जौनपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में साइबर क्राइम पुलिस ने बैंक खातों के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से जुड़े विभिन्न बैंक खातों में करीब 1.55 करोड़ रुपये की धनराशि होल्ड कराई है। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

मंगलवार को एसपी सिटी अनंत चंद्रशेखर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान बैंक खातों के माध्यम से धोखाधड़ी किए जाने के तथ्य सामने आए। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर क्राइम और सर्विलांस टीम ने संदिग्ध बैंक खातों में हुए लेन-देन की जांच शुरू की। उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार मिश्रा (55), निवासी नगर पंचायत सोनौली, जनपद महराजगंज, लवकेश कुमार सिंह (44), निवासी सेमरा, थाना रामनगर, जनपद बाराबंकी और कमल यादव (45), निवासी ग्राम कस्सा बस्सा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। तीनों को सोमवार रात गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को अलग-अलग बैंक खातों में मंगाए जाने की जानकारी जांच में सामने आई। इन खातों में संदिग्ध लेनदेन की पड़ताल करते हुए पुलिस ने करीब एक करोड़ 55 लाख रुपये होल्ड कराए हैं। इस धनराशि को पीड़ितों को वापस कराने के लिए नियमानुसार आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story