उप्र में लखनऊ, मेरठ और अम्बेडकर नगर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जांच में सब सामान्य

WhatsApp Channel Join Now
उप्र में लखनऊ, मेरठ और अम्बेडकर नगर कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली, जांच में सब सामान्य


लखनऊ, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, मेरठ और अम्बेडकरनगर जिले के कचहरी परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इसके बाद कचहरी परिसर को खाली करवाकर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया, लेकिन कोई भी आपत्तिजनक वस्तु अभी नहीं मिली है।

वजीरगंज थाना प्रभारी राजेश त्रिपाठी ने बताया कि लखनऊ जिला न्यायालय काे एक बार फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद बीडीएस टीम और पुलिस बल ने पूरे परिसर की संघन तलाशी ली, लेकिन काेई सामग्री नहीं मिली।एहितयान काेर्ट की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इससे पहले 13 फरवरी काे बम से काेर्ट काे उड़ाने की धमकी मिली थी।

मेरठ पुलिस की ओर से जानकारी दी गई है कि फोन के माध्यम से मेरठ कचहरी को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली। इस मामले को गंभीरता से लेकर पूरे कचहरी परिसर को खाली करा लिया गया और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। अदालतों में प्रवेश रोक दिया गया है। पुलिस बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड के साथ सघन तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी प्रतिबंधित चीज नहीं मिली है। इधर, पुलिस सर्विलांस की मदद से धमकी देने वाले की तलाश शुरू कर दी है। इस समय कचहरी में कामकाज पूरी तरह से बंद और भारी पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है।

इसी तरह अम्बेडकरनगर जिले के कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी कोर्ट के आधिकारिक ईमेल पर प्राप्त हुई। इसके बाद क्षेत्राधिकारी (सीओ) नितीश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने न्यायालय भवन, अधिवक्ता चैंबरों, गेट के बाहर खड़े वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन तलाशी ली। सीओ ने बताया कि चेकिंग अभियान में कोई भी संदिग्ध वस्तु या बम बरामद नहीं हुआ। पुलिस ने बताया कि कचहरी परिसर पूरी तरह से सुरक्षित पाया गया है। कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साइबर सेल की टीमें ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुट गई है।

उल्लेखनीय है कि यह पहली बार नहीं है जब मेरठ कचहरी को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले भी इस प्रकार की धमकियां मिल चुकी है। जिला और पुलिस प्रशासन ने लोगों से किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story