चार किलोमीटर रोड़ पर हजारों गड्ढे, 10 हजार की आबादी प्रभावित
हमीरपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मुस्करा विकासखंड क्षेत्र के भरखरी को जाने वाला डीहा मौजा से भरखरी रोड़ की जिसकी लम्बाई चार किलोमीटर है , बुरी तरह से ध्वस्त हो चुका है। बता दें कि यह रोड़ बिवांर-मौदहा मुख्य मार्ग से जुड़ता है इसलिए ग्रामीणों के लिए बहुत महत्व का है।
ग्रामीणों के मुताबिक इस रोड़ से भरखरी और करगांव के लोगों का रोज आना-जाना रहता है, लेकिन रोड़ इतना खराब हो चुका है कि पैदल चलना तक मुश्किल होता है।लोगों ने बताया कि भरखरी गांव की आबादी लगभग चार हजार और करगाँव की आबादी लगभग छः हजार है, जो इस खराब रोड़ की वजह से बुरी तरह प्रभावित है। हालांकि करगांव से एक रास्ता सायर गांव में निकलती है, लेकिन वह रास्ता भी पूरी तरह टूट चुकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि बरसात के पहले इसी रोड़ पर लगभग एक किलोमीटर पेंटिंग की गयी थी , वह भी उखड़ चुकी है।
भरखरी गांव के किसान घसीटा ने सोमवार को खेत से लौटते समय बताया कि, रोजाना अपने खेत आता है रोड़ ख़राब होने की वजह से बहुत परेशानी होती है, कोई साधन नहीं आ पाता। बताया यह रोड़ सालों से नहीं बना है। भरखरी निवासी अजय ने ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों पर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरा चार किलोमीटर रोड़ बनने के लिए पास हो चुका है , लेकिन बरसात के पहले मात्र एक किलोमीटर रोड़ बनाया गया था , बाक़ी का पैसा ठेकेदार और अधिकारी खा गए।बताया कि इस रोड़ से स्कूली बच्चे और एम्बुलेंस भी आती-जाती है , जिनके अवगमन मे बहुत असुविधा होती है।
गांव के प्रवीण कुमार ने बताया कि यह रोड़ बिवांर-मौदहा रोड़ को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है, जिससे होकर रोजाना गांव के लोगों को बिवांर या मौदहा जाना पड़ता है , लेकिन रोड़ पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं कि अक्सर वाहनों के एक्सेल तक टूट जाते हैं और टैम्पो तक पलट जाते हैं इस संबंध में जेई जीतेन्द्र कुमार ने सोमवार को बताया कि एक किलोमीटर रोड़ ही पास हुआ था , जो बरसात के पहले बनाया गया था। कहा कि अगर वह रोड़ उखड़ गया होगा तो ठेकेदार फिर बनवाएगा। बताया कि शेष तीन किलोमीटर रोड़ का स्टीमेट बनाकर भेजा गया है , जो पास होने के बाद बनवाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

