खुदा की बारगाह में हजारों सिर झुके, मुल्क और कौम की तरक्की के लिए मांगी दुआ

WhatsApp Channel Join Now
खुदा की बारगाह में हजारों सिर झुके, मुल्क और कौम की तरक्की के लिए मांगी दुआ


खुदा की बारगाह में हजारों सिर झुके, मुल्क और कौम की तरक्की के लिए मांगी दुआ


मुरादाबाद, 13 मार्च (हि. स.)। मुरादाबाद में रमजान माह के चौथे शुक्रवार को जुमा अलविदा की नमाज शांतिपूर्ण और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जामा मस्जिद के साथ जिले की सभी मस्जिदें नमाजियों से खचाखच भरी रहीं। अलविदा जुमा की नमाज में खुदा की बारगाह में हजारों सिर झुके और हाथ उठा कर सभी ने मुल्क और कौम की तरक्की के लिए दुआ मांगी। मस्जिदें खचाखच भरी रहीं। जामा मस्जिद पूरी भर गई तो लोगों ने पार्क में भी सफे में बैठकर नमाज अदा की।

मुगलपुरा थाना क्षेत्र स्थित जामा मस्जिद में शुक्रवार को नायब शहर इमाम मुफ्ती सैय्यद फहाद अली ने खुतबा पढ़ाया और नमाज अदा कराई, आखिर में दुआ कराई गई। जामा मस्जिद की ओर जाने वाले रास्तों पर काफी दूर से ही वाहनों का संचालन बंद कर दिया गया था। मौके पर भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। अलविदा जुमे की नमाज अदा करने के लिए नमाजियों में खास क्रेज दिखा। जामा मस्जिद में आगे के सफों में जगह बनाने के लिए लोगों ने दस बजे से ही पहुंचना शुरू कर दिया। मस्जिद के सभी गेटों से भीड़ अंदर पहुंच रही थी। लगभग सवा बारह बजे तक मस्जिद पूरी तरह भर गई। साढ़े बारह बजे से ऐलान होने लगा कि मस्जिद भर गई है । अब नमाजी सामने पार्क में बैठें। एक बजे अजान होने से पहले जामा मस्जिद के सामने का पार्क भी आधे से अधिक भर गया। एक बजे लोग नमाज के लिए खड़े हो गए। नायब शहर इमाम मुफ्ती फहाद अली ने पहले खुतबा पढ़ाया, फिर नमाज अदा कराई।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story