स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ रहे हजारों परिवार, पीएम सूर्यघर योजना में कानपुर प्रदेश में दूसरे स्थान पर : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ ऊर्जा से जुड़ रहे हजारों परिवार, पीएम सूर्यघर योजना में कानपुर प्रदेश में दूसरे स्थान पर : जिलाधिकारी


कानपुर, 22 जून (हि.स.)। कानपुर में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत सौर ऊर्जा का दायरा तेजी से बढ़ रहा है और अधिक से अधिक परिवार इससे जुड़कर बिजली खर्च में राहत पा रहे हैं। जनपद में योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए विभागों, बैंकों और संबंधित एजेंसियों को समन्वय के साथ काम करना होगा। यह बातें सोमवार को जिलाधिकारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने कहीं।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आज आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने योजना की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 37,844 घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाए जा चुके हैं, जिससे 132.09 मेगावाट सौर क्षमता विकसित हुई है। इस उपलब्धि के साथ कानपुर प्रदेश में दूसरे स्थान पर पहुंच गया है।

बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 36,032 लाभार्थियों को सब्सिडी का भुगतान किया जा चुका है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अप्रैल से 21 जून तक 10,249 नए सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। चालू वित्तीय वर्ष के लिए जिले को 42,684 संयंत्र लगाने का लक्ष्य मिला है।

जिलाधिकारी ने बैंकों को पात्र आवेदकों के ऋण प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए और कहा कि 30 जून तक स्वीकृतियों में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डिस्कॉम अधिकारियों को संयंत्रों के सत्यापन कार्य में तेजी लाने तथा लाभार्थियों को समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, नेडा के परियोजना अधिकारी राकेश पाण्डेय, बैंक प्रतिनिधि, डिस्कॉम अधिकारी और वेंडर मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story