कानपुर मेट्रो की डाउनलाइन टनल में थर्ड रेल इंस्टॉलेशन पूरा, टेस्टिंग भी सफल

WhatsApp Channel Join Now
कानपुर मेट्रो की डाउनलाइन टनल में थर्ड रेल इंस्टॉलेशन पूरा, टेस्टिंग भी सफल


कानपुर, 25 सितंबर (हि.स.)। कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड सेक्शन में डाउनलाइन टनल में थर्ड रेल इंस्टॉलेशन पूरा होना अहम मील का पत्थर है। इस टनल में ट्रैक निर्माण का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है और थर्ड रेल को ऊर्जीकृत कर टेस्टिंग भी पूरी कर ली गई है। यह जानकारी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीएमआरसी) के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने कही।

उन्होंने बताया कि सीएसए से बर्रा-8 के बीच करीब 8.60 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-2 के लगभग 4.10 किलोमीटर लंबे अंडरग्राउंड सेक्शन रावतपुर से डबल पुलिया के बीच निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। कॉरिडोर-2 डिपो रैंप से विजय नगर स्टेशन के निकट स्थित रैंप तक डाउनलाइन टनल में ट्रैक और थर्ड रेल इंस्टॉलेशन दोनों का कार्य पूरा हो चुका है। थर्ड रेल को ऊर्जीकृत करने के बाद हुई टेस्टिंग में सभी पैरामीटर सामान्य और संतोषजनक पाए गए।

सुशील कुमार ने कहा कि कॉरिडोर-2 के अंडरग्राउंड और एलिवेटेड दोनों सेक्शनों में विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय से सिविल निर्माण और सिस्टम इंस्टॉलेशन का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। अपलाइन टनल में भी ट्रैक निर्माण और थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य जारी है।

कानपुर मेट्रो की ट्रेनें ओवरहेड उपकरण के बजाय 750 वोल्ट डीसी थर्ड रेल प्रणाली से संचालित होती हैं। इस प्रणाली में ट्रैक के समानांतर बिछाई गई अतिरिक्त रेल के माध्यम से ट्रेनों को विद्युत आपूर्ति मिलती है। इसके रखरखाव की जरूरत अपेक्षाकृत कम होती है और पतंगबाजी के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका भी नहीं रहती। साथ ही बाहरी विद्युत तारों का सेटअप न होने से यह शहर के इंफ्रास्ट्रक्चर की सुंदरता बनाए रखने में सहायक है।

वर्तमान में करीब 23.50 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर-1 के आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 15 किलोमीटर लंबे हिस्से में यात्री सेवाएं संचालित हो रही हैं। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता के शेष हिस्से में यात्री सेवाएं जल्द शुरू होने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story