मां का पालन-पोषण और त्याग अमूल्य : हिमांशु कुमार सिंह

WhatsApp Channel Join Now
मां का पालन-पोषण और त्याग अमूल्य : हिमांशु कुमार सिंह


देवरिया, 10 मई (हि.स.)। रोटरी क्लब देवरिया सदर के सदस्यों ने रविवार को मदर्स डे के अवसर पर रविवार को मेहड़ा पुरवा स्थित वृद्धाश्रम पहुंचकर वहां रह रहीं महिलाओं के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान क्लब के सदस्यों ने वृद्ध महिलाओं का सम्मान कर उनके बीच खुशियां बांटी और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

कार्यक्रम में चार्टर अध्यक्ष राकेश धर द्विवेदी तथा सचिव सीमा सोनी ने वृद्ध महिलाओं को तिलक लगाकर खाद्य सामग्री एवं दैनिक उपयोग की वस्तुओं का वितरण किया। कार्यक्रम के दौरान सभी सदस्यों ने वृद्ध महिलाओं के साथ समय बिताया और उनके स्वास्थ्य व जरूरतों की जानकारी भी ली।

इस अवसर पर राकेश धर द्विवेदी ने कहा कि भगवान का दूसरा रूप मां होती है, जो पूरे परिवार को प्रेम और संस्कारों के धागे में बांधकर रखती है। वहीं सीमा सोनी ने कहा कि मां की गोद दुनिया की सबसे सुरक्षित जगह होती है और मां से बढ़कर कोई नहीं होता। उन्होंने कहा कि सृष्टि की सबसे खूबसूरत संरचना मां है, जिसके बिना जीवन अधूरा है।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे हिमांशु कुमार सिंह ने कहा कि मां के पालन-पोषण और त्याग का कोई मूल्य नहीं लगाया जा सकता। मनुष्य का अस्तित्व पूरी तरह नारी शक्ति के इर्द-गिर्द ही केंद्रित रहता है।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक मनोज सेठ सहित मिथिलेश कुशवाहा, सिद्धनाथ चतुर्वेदी, मोहम्मद इमरान, अनिल कुशवाहा, अमित त्रिपाठी, ममता द्विवेदी, नीलू शर्मा, विजय कुमार शुक्ला और रश्मि पाण्डेय समेत कई सदस्य मौजूद रहे। अंत में मनोज सेठ ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story