मानदेय के ऐलान पर कानपुर नगर के शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों में उत्साह का माहौल

WhatsApp Channel Join Now
मानदेय के ऐलान पर कानपुर नगर के शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों में उत्साह का माहौल


कानपुर, 21 फरवरी (हि.स.)। योगी सरकार द्वारा शिक्षामित्रों को 18,000 रुपये तथा अनुदेशकों को 17,000 रुपये मानदेय दिए जाने की घोषणा के बाद जनपद कानपुर नगर के विद्यालयों में उत्साह और संतोष का माहौल है। शिक्षकों ने इसे योगी सरकार की संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया है।

जनपद कानपुर नगर के शिक्षामित्रों और अनुदेशकों ने योगी सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सभी ने भरोसा जताया कि सरकार के इस विश्वास पर वे बेहतर शैक्षिक परिणाम देकर खरा उतरेंगे। शिक्षामित्रों और अनुदेशकों ने फैसले को मनोबल देने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।

पतारा ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय के शिक्षामित्र जय किशोर ने कहा, “योगी सरकार ने जो निर्णय लिया है, वह हमारे आत्मसम्मान से जुड़ा है। इससे हमें यह भरोसा मिला है कि सरकार हमारे साथ खड़ी है। अब हम और अधिक समर्पण के साथ बच्चों को बेहतर शिक्षा देंगे।

कम्पोजिट स्कूल अकबरपुर झबैया, पतारा ब्लॉक की शिक्षामित्र सुषमा देवी ने कहा, “मुख्यमंत्री जी का यह फैसला हमारे परिवारों के लिए बड़ी राहत है। योगी सरकार ने शिक्षामित्रों की मेहनत को समझा है। इससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

--नेतृत्व मजबूत तो शिक्षा मजबूत

शिवराजपुर ब्लॉक के कम्पोजिट स्कूल काकूपुर प्रथम के अनुदेशक आतिश कुमार ने कहा, “योगी सरकार का यह कदम अनुदेशकों के मनोबल को बढ़ाने वाला है। जब नेतृत्व स्पष्ट और सकारात्मक होता है, तो कार्य में भी नई ऊर्जा आती है।

उच्च प्राथमिक स्कूल बीरामऊ प्रथम, शिवराजपुर ब्लॉक के अनुदेशक आशीष कुमार ने कहा, “यह निर्णय बताता है कि योगी सरकार शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता दे रही है। बढ़ा हुआ मानदेय हमें पूरी एकाग्रता से कार्य करने की ताकत देगा।”

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story