नशे से दूर रहकर युवा विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं : नीलिमा कटियार

WhatsApp Channel Join Now
नशे से दूर रहकर युवा विकसित भारत की मजबूत नींव बन सकते हैं : नीलिमा कटियार


कानपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक गतिविधियों, कला और सांस्कृतिक विधाओं में लगानी चाहिए। ऐसे आयोजन उनकी प्रतिभा को मंच देने के साथ समाज को भी जागरूक करते हैं। यह बातें मंगलवार को कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने बीएनएसडी शिक्षा निकेतन में आयोजित जनपद स्तरीय युवा उत्सव में कहीं।

युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग की ओर से विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग के तहत जनपद स्तरीय युवा उत्सव (कल्चरल ट्रैक) आयोजित किया गया। इसकी थीम 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' रही। उत्सव में नुक्कड़ नाटक, समूह लोकगीत, समूह लोकनृत्य, पेंटिंग और कविता लेखन प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें 200 से अधिक प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर और दीप प्रज्ज्वलित करके किया। उन्होंने युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डाला।

प्रतियोगिताओं में लोकनृत्य में क्राइस्टचर्च कॉलेज की टीम प्रथम, ज्वाला देवी इंटर कॉलेज द्वितीय और एसएन सेन कॉलेज तृतीय स्थान पर रहा। समूह लोकगीत में शिवानी सविता ग्रुप ने पहला, अनुष्का यादव ग्रुप ने दूसरा और दयानंद पीजी कॉलेज की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया। नुक्कड़ नाटक में मुस्कान तिवारी एंड ग्रुप प्रथम, ओंकारेश्वर ग्रुप द्वितीय और शुभम वाजपेई ग्रुप तृतीय रहा।

कविता लेखन में बीएनएसडी शिक्षा निकेतन के श्रेयांश कटियार प्रथम, ओंकारेश्वर सरस्वती विद्या निकेतन की दिव्यांशी त्रिपाठी द्वितीय और पीपीएन कॉलेज की काव्या सिंह तृतीय रहीं। पेंटिंग प्रतियोगिता में आस्तिक चौधरी ने पहला, रवि प्रताप सिंह ने दूसरा और शशांक दुबे ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।

समापन समारोह में विधायक नीलिमा कटियार ने विजेताओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिताओं के निर्णायकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी अमित कुमार सिंह, प्रधानाचार्य बृजमोहन सिंह सहित विभागीय अधिकारी और शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अनन्या तिवारी ने किया।

युवा उत्सव के विजेता कलाकार इसी माह होने वाले मंडल स्तरीय युवा उत्सव में प्रतिभाग करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771996 Articles

Share this story