विजिलेंस ने की छापेमारी, छह जगह पकड़ी गई 19 किलोवाट की बिजली चोरी
हाथरस, 18 अगस्त (हि.स.)। सादाबाद क्षेत्र में बिजली विभाग ने मंगलवार काे चोरी रोकने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान नगर के पोखरवाला और मिर्जापाड़ा मोहल्लों में छह उपभोक्ताओं के यहां कुल 19 किलोवाट बिजली चोरी पकड़ी गई। विभाग ने सभी के खिलाफ नियमानुसार प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह अभियान अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर चलाया गया। इसमें हाथरस की विजिलेंस टीम, उपखंड अधिकारी प्रथम आरके सिंह और अवर अभियंता अजय कुमार के नेतृत्व में विद्युत टीम ने घर-घर जाकर कनेक्शनों की जांच की। जांच के दौरान छह उपभोक्ता बिजली चोरी करते हुए पाए गए। इन सभी मामलों में कुल 19 किलोवाट विद्युत भार की चोरी सामने आई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, पकड़े गए सभी छह उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत चोरी निरोधक थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है। चेकिंग के दौरान टीम ने बिजली चोरी के तरीकों और कनेक्शन की स्थिति का भी आकलन किया। विद्युत विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर विद्युत चोरी रोकने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा और अलग-अलग मोहल्लों तथा क्षेत्रों में चेकिंग की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे वैध कनेक्शन से ही बिजली का उपयोग करें और किसी भी तरह से विद्युत चोरी न करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

