पांच साल की बच्ची का अपरहण करने वाली महिला चढ़ी पुलिस के हत्थे

WhatsApp Channel Join Now
पांच साल की बच्ची का अपरहण करने वाली महिला चढ़ी पुलिस के हत्थे


कानपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। बेकनगंज थाना क्षेत्र से अगवा हुई पांच साल की बच्ची को पुलिस ने सात दिनों के अंदर सकुशल बरामद कर लिया है। साथ ही अपरहण करने वाली महिला भी पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बेकनगंज थाना क्षेत्र स्थित टीना मार्केट में रहने वाले सैदुल ने बताया कि बीती 29 मार्च को उनकी पत्नी और बेटी ईद में खरीददारी करने गई थीं। वहीं से उनकी बेटी लापता हो गई। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब बच्ची का कोई सुराग नही मिला यो घबराए माता-पिता थाने में बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

पुलिस ने मामले को गम्भीरता से लेते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के जरिए देखा तो एक संदिग्ध बुर्का पहने हुए महिला ने उस बच्ची का अपहरण किया था। कैमरों के जरिए महिला को चिन्हित करते हुए देखा तो पाया कि बेकनगंज से निकलकर महिला मेस्टन रोड पहुंची। वहां से जाजमऊ की ओर जाने वाले ऑटो में सवार हुई। हालांकि पुलिस को जाजमऊ में उस महिला का कोई सुराग नहीं मिला।

पुलिस ने बच्ची और आरोपित बुर्के वाली महिला की फोटो के साथ खोजबीन करते हुए गंगा पार उन्नाव तक पहुंची। जहां पर पुलिस को यह इनपुट मिला कि आरोपित महिला का नाम साकिरा फातिमा है। इलाकाई लोगों ने बताया कि पिछले कुछ दिन से उसके घर में एक पांच साल की बच्ची भी रह रही है। हालांकि महिला बच्ची को काफी प्यार और दुलार से रख रही थी।

आखिरकार पुलिस जांच पड़ताल करते हुए उन्नाव गंगा घाट के इकबाल नगर पीपल खेड़ा कटरी पहुंची। जहां एहसान अहमद की पत्नी साकिरा फातिमा को गिरफ्तार कर लिया।

आरोपित महिला ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसका निकाह करीब दस साल पहले हुआ था लेकिन अभी तक उसे कोई बच्चा नहीं हुआ। इसलिए उसने मजबूरन बच्ची का अपहरण किया था। जिसका उसे अब पछतावा हो रहा है।

पुलिस उपायुक्त मध्य दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही 16 पुलिस कर्मियों की टीम का गठन करते हुए ऑपरेशन त्रिनेत्र के अंतर्गत लगवाए गए 450 से भी ज्यादा सीसीटीवी कैमरों को जांचने के बाद आरोपित महिला को गिरफ्तार करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story