मौसम ने बदला करवट, किसानों के सामने फसल बचाने का संकट

WhatsApp Channel Join Now
मौसम ने बदला करवट, किसानों के सामने फसल बचाने का संकट


देवरिया, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। दिनभर तेज धूप और उमस के बाद दोपहर ढलते ही आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है।

तेज हवा और बदलते मौसम का सबसे अधिक असर छोटे किसानों पर पड़ रहा है। खेतों में लगी सब्जियों की फसल को नुकसान हाे रहा है।

किसान जय सिंह ने बताया कि तेज हवाओं के कारण लौकी, करेला, खीरा, तरोई और अन्य सब्जियों की बेलें टूट रही हैं। वहीं आम के बागानों में भी नुकसान की स्थिति बन गई है। तेज हवा के चलते पेड़ों से कच्चे आम गिरने लगे हैं, जिससे आम उत्पादकों को आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।

किसान संजीव का कहना है कि अगर बारिश तेज हुई तो सब्जियों और आम की फसल पूरी तरह से प्रभावित हो जाएगी।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। प्रशासन ने किसानों को सतर्क रहने और फसलों को सुरक्षित रखने की सलाह दी है।

मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन किसानों के लिए यह बदला मौसम चिंता का कारण बन गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story