गांव का लाल अब चमकेगा दूरदर्शन पर
सीतापुर, 06 अप्रैल (हि.स.)। तहसील सिधौली के ग्राम अल्लीपुर के निवासी हिन्दी-अवधी के उभरते कवि देवेन्द्र कश्यप निडर की प्रतिभा अब राष्ट्रीय मंच पर दिखाई देगी। उनकी कविताओं की शूटिंग दूरदर्शन लखनऊ में सम्पन्न हुई है, जिससे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
बताया गया कि दूरदर्शन लखनऊ के चर्चित कार्यक्रम “वन्स मोर” में देवेन्द्र कश्यप निडर की रचनाओं को रिकॉर्ड किया गया है। उनकी कविताएं सामाजिक सरोकार, शिक्षा और राष्ट्रीय चेतना से ओत-प्रोत हैं, जो श्रोताओं को जागरूक करने का संदेश देती हैं।
शूटिंग के दौरान उन्होंने एक कविता के माध्यम से युवाओं को देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। वहीं दूसरी रचना में किसान के संघर्ष और व्यक्तित्व को प्रमुखता से उकेरा गया। तीसरी कविता में ‘चिरैया’ के रूपक के जरिए ग्रामीण जीवन और सामाजिक विसंगतियों को मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
स्थानीय स्तर पर इस उपलब्धि को लेकर खुशी की लहर है। क्षेत्र के साहित्यकारों और शुभचिंतकों—केदारनाथ शुक्ल, रोहित विश्वकर्मा, हरेन्द्र वर्मा, आरडी वर्मा, सौरभ गिरि, चन्द्रशेखर प्रजापति, अनुराग आग्नेय, राजेश कश्यप और अमित यादव सहित अनेक लोगों ने देवेन्द्र कश्यप निडर को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
गांव के इस प्रतिभाशाली कवि की उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि छोटे गांवों की मिट्टी में भी बड़े सपनों को साकार करने की ताकत होती है। देवेंद्र कश्यप ने बताया कि गांव की मिट्टी से निकलकर दूरदर्शन तक जाना मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma

