मोदी युग की उपलब्धियों से गूंजा मंच, मझवां में भाजपा का संगठित शक्ति प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
मोदी युग की उपलब्धियों से गूंजा मंच, मझवां में भाजपा का संगठित शक्ति प्रदर्शन


भाजपा मझवां विधानसभा का सक्रिय सदस्य सम्मेलन सम्पन्न

मीरजापुर, 9 अप्रैल (हि.स.)। बुधवार को देवरी आमघाट स्थित कावेरी लॉन में भारतीय जनता पार्टी के मझवां विधानसभा के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन भव्य रूप से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल एवं नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम सुन्दर केसरी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

सम्मेलन में तीनों प्रमुख वक्ताओं ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल ने भारतीय राजनीति में भाजपा द्वारा किए गए बदलावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भाजपा का मजबूत आधार अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी एवं हजारों समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल को भाजपा ने 45 वर्ष पूरे किए और आज यह विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी बन चुकी है।

नपाध्यक्ष श्याम सुन्दर केसरी ने पार्टी के संगठनात्मक एवं चुनावी विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज भाजपा 20 से अधिक राज्यों में सत्ता में है और पार्टी का नेतृत्व लगातार संगठन को मजबूत करने में जुटा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को भाजपा के युद्ध समान चुनावों में सबसे बड़े योद्धा बताया।

मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या ने विकसित भारत की यात्रा विषय पर केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को रेखांकित किया। उन्होंने 2014 के बाद भारत में आए सकारात्मक बदलावों, सांस्कृतिक जागरण और योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना के जरिए महिलाओं के सशक्तिकरण पर बल दिया।

कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रवि शंकर पाण्डेय ने किया एवं अध्यक्षता पूर्व जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने की। अंत में अनिल सिंह ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट करते हुए सम्मेलन के समापन की घोषणा की।

सम्मेलन में जिलामंत्री प्रमोद कुमार सिंह, जिला मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश दूबे, सह प्रभारी प्रणेश प्रताप सिंह, जिला कार्यालय मंत्री शिवशरण राय, ब्लॉक प्रमुख इन्द्र बहादुर पाण्डेय, सतेन्द्र बहादुर सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष विद्याधर तिवारी, मंडल अध्यक्ष आकाश सिंह सहित सैकड़ों सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story