सपा प्रवक्ता द्वारा ब्राह्मणों के प्रति की गई अशोभनीय टिप्पणी से पार्टी में मचा बवाल, अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव ने दिया इस्तीफा
नोएडा, 14 मई (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज के प्रति कहे गए अपमानजनक शब्द का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार काे इस बात से आक्रोशित समाजवादी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव और जनपद गौतम बुद्ध नगर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एडवोकेट मनोज भाटी (बोड़ाकी) ने समाजवादी पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। वहीं बार एसोसिएशन के सचिव शोभाराम चंदीला जो सपा के 17 वर्ष पुराने कार्यकर्ता और पूर्व पदाधिकारी है उन्होंने भी सपा से त्यागपत्र दे दिया।
इस दौरान बोलते हुए अधिवक्ता मनोज भाटी ने कहा कि पिछले कुछ समय से गौतम बुद्ध नगर से पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज के प्रति कहे गए अशोभनीय शब्दों से समाज में विघटनकारी मानसिकता विकसित करने के संकेत परिलक्षित हो रहे हैं। अधिवक्ता समाज में सभी वर्ग व समुदाय से जुड़े हुए हमारे साथी हैं, तथा उनसे हमारा सामंजस्य लगातार बना रहता है। उन्होंने कहा कि बार के पदाधिकारी होने के नाते हम अपना कर्तव्य समझते हैं कि सभी धर्म ,वर्गों एवं समुदाय के प्रति हमारा दृष्टिकोण समावेशी व परस्पर सद्भाव व सम्मान का होना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता एवं नेतागण लगातार ऐसे वक्तव्य एवं कृत्य कर रहे हैं जो न केवल अधिवक्ता समाज में बल्कि पूरे क्षेत्र में पार्टी के दृष्टिकोण को समाज में विघटनकारी व नकारात्मक रूप से प्रतिबिंबित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी द्वारा ब्राह्मण समाज के प्रति अपमानजनक व अभद्र टिप्पणी की गई जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर बार एसोसिएशन में करीब 700 अधिवक्ता ब्राह्मण समाज से हैं। उन्होंने कहा कि सपा प्रवक्ता की असंवेदनशील टिप्पणी के कारण उन लोगों में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा उनके बयानों से सनातन के बहुसंख्यक समाज में भी भारी रोष है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी से जुड़े हुए कुछ अधिवक्ता व पदाधिकारियों द्वारा 600 वकीलों के लिए बनाए जा रहे चैंबरों के निर्माण को रुकवाने के लिए लगातार प्रयास किया जा रहे हैं। इन लोगों की हरकतों के कारण हम लोगों का पार्टी में बने रहने में घोर असहजता महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता हित को सर्वोपरि रखते हुए हम दोनों आज और अभी से समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देते हैं। उन्होंने कहा कि मैं मनोज भाटी समाजवादी पार्टी के अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिन के पद से तथा शोभाराम चंदीला प्राथमिक सदस्य पद से इस्तीफा दे रहे हैं। मालूम हो कि राजकुमार भाटी द्वारा दिए गए बयान के बाद नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थाना में उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

