भीषण गर्मी में सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व्यवस्था और गुणवत्ता बनी रहे : मंत्री विजय लक्ष्मी

WhatsApp Channel Join Now
भीषण गर्मी में सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल व्यवस्था और गुणवत्ता बनी रहे : मंत्री विजय लक्ष्मी


देवरिया, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के2 देवरिया जिले में भीषण गर्मी के बीच आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए रविवार को प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने नगर क्षेत्र में लगाए गए वाटर कूलरों का औचक निरीक्षण किया। बिना किसी पूर्व सूचना या प्रोटोकॉल के पहुंचीं मंत्री ने स्वयं पानी की गुणवत्ता की जांच कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री सबसे पहले उपनगर स्थित हनुमान मंदिर के सामने लगाए गए वाटर कूलर पर पहुंचीं। यहां उन्होंने टीडीएस मशीन के माध्यम से पानी की गुणवत्ता जांची और खुद पानी पीकर उसकी शुद्धता का परीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वाटर कूलर से लगातार व्यर्थ बह रहे पानी को देखकर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने तत्काल अधिशासी अधिकारी सलेमपुर को फोन कर व्यवस्था में सुधार करने और पानी की बर्बादी रोकने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही मिलने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इसके बाद राज्यमंत्री राधा कृष्ण मंदिर परिसर में स्थापित वाटर कूलर का निरीक्षण करने पहुंचीं। यहां पानी की गुणवत्ता संतोषजनक पाई, लेकिन मंदिर परिसर में फैली गंदगी को लेकर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने संबंधित विभाग के कर्मचारियों को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।

राज्यमंत्री विजयलक्ष्मी गौतम ने कहा कि भीषण गर्मी को देखते हुए सरकार हर व्यक्ति तक शुद्ध और ठंडा पेयजल पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से नगर क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर वाटर कूलर लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि केवल वाटर कूलर लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित सफाई, रखरखाव और पानी की गुणवत्ता बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो और सभी स्थानों पर स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story