अब जातिवादी, परिवारवादी व माफियावादी ताकतों के हाथों में नहीं खेलेगा उत्तर प्रदेश : मुख्यमंत्री



-सीएम याेगी ने 1640 करोड़ रुपये की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास किया
गोरखपुर, 5 अप्रैल (हि.स.)। वासंतिक नवरात्र की अष्टमी तिथि पर गोरखपुर को रोड कनेक्टिविटी, आतिथ्य एवं पर्यटन, आवासीय योजना सहित विकास के अनेकानेक उपहार देने आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरासत और विकास के संगम के विजन से 2017 से बदला उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। आज का उत्तर प्रदेश अब जातिवादी, परिवारवादी व माफियावादी ताकतों के हाथों में नहीं खेलेगा बल्कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए स्वस्थ प्रतिस्पर्धा करते हुए देश की अर्थव्यवस्था का अग्रणी राज्य बनेगा।
मुख्यमंत्री योगी शनिवार दोपहर बाद गोरखपुर को 1640 करोड़ रुपये से अधिक की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने रामगढ़ताल रिंग रोड प्रथम चरण (पैडलेगंज से स्मार्टव्हील्स तक), रामगढ़ताल क्षेत्र में बहुआयामी कार्निवाल ऑफ ड्रीम्स पार्क, बहुमंजिली आवासीय योजना गोरक्ष एंक्लेव का शुभारंभ तथा विश्व स्तरीय कन्वेंशन सेंटर का शिलान्यास किया। साथ ही उनके हाथों जीडीए (गोरखपुर विकास प्राधिकरण) की अन्य कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
इस अवसर पर चंपा देवी पार्क मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास की प्रक्रिया अनवरत चलाने की सोच रखने वाली वर्तमान डबल इंजन सरकार और पिछली सरकारों में फर्क यह है कि पिछली सरकारें परिवार के लिए लड़ रही थीं। परिवार के लिए कार्य कर रही थीं। वे प्रदेश के संसाधनों में लूट मचाई हुई थीं। पिछली सरकारों में बिजली नहीं मिलती थी। सड़कें गड्ढों में तब्दील थीं। पर्व और त्याेहार आने के पहले सन्नाटा छा जाता था। लोगों के घर में आशंका होती थी कि पता नहीं कब क्या हो जाए ? अब तो पर्व और त्योहार किसी के भी आएं, शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो रहे हैं। शांतिपूर्ण तरीके से लोग उत्साह और उमंग के साथ आयोजनों का हिस्सा बनते हैं।
यूपी के खिलाफ विष वमन कर रहे दंगाई और उनके आका
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की प्रगति से 25 करोड़ जनता को कोई परेशानी नहीं है। परेशान तो दंगाइयों और दंगाइयों के आका हैं क्योंकि बढ़ते व्यापार, व्यापरियों, बहन-बेटियों की सुरक्षा के साथ पूर्ण रूप से सुरक्षित उत्तर प्रदेश में उनका धंधा चौपट हो गया है। उन्होंने कहा कि आज के उत्तर प्रदेश में दंगाई और उनके आका परेशान हैं। वह उत्तर प्रदेश के खिलाफ विष वमन कर रहे हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश की प्रगति अच्छी नहीं लग रही है। वे कहते हैं कि उत्तर प्रदेश की प्रगति के आंकड़े तो फर्जी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्थव्यवस्था के आंकड़े फर्जी नहीं हैं बल्कि ऐसा कहने वालों की सोच दूषित हो चुकी है। ऐसे लोग अपनी दूषित सोच को उत्तर प्रदेश पर मत थोपें। वे जान लें कि अब यह उत्तर प्रदेश बदल चुका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यहां जीडीए की तरफ से पांच लाख लोगों की आवसीय आवश्यकता के दृष्टिगत न्यू गोरखपुर सिटी भी बसा रहा है। आज का गोरखपुर वह सिटी नहीं है जिसकी पहचान अपराध के गढ़ और माफियागिरी के चलते थी। आज का गोरखपुर विरासत और विकास के अद्भुत सामंजस्य के साथ आगे बढ़ रहा है। आज का गोरखपुर चार विश्वविद्यालयों वाले शहर के रूप में, एम्स, बीआरडी की सुपर स्पेशलिटी और निजी क्षेत्र के अनेक अच्छे अस्पतालों के माध्यम से शिक्षा और स्वास्थ्य का हब बन चुका है।
सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और विधायक विपिन सिंह ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक फतेह बहादुर सिंह, श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, महेंद्रपाल सिंह, डॉ. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, जीडीए बोर्ड के सदस्य दुर्गेश बजाज, पवन त्रिपाठी, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय