छात्रवृत्ति के चतुर्थ चरण की प्रक्रिया शुरू, 13 मई तक पूरा करें कार्य
देवरिया, 30 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधीर पाण्डेय ने गुरुवार को बताया कि वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2025-26 में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उच्च कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए चतुर्थ चरण की कार्यवाही शुरू कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि शासन की ओर से निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार ऑनलाइन आवेदन से लेकर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के वितरण तक की समस्त प्रक्रिया इस चरण में पूर्ण की जानी है। इसके तहत संबंधित विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी द्वारा छात्र संख्या का सत्यापन तथा अपात्र छात्रों, पाठ्यक्रमों व संस्थानों को ब्लॉक करने की अंतिम तिथि आज 30 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि चतुर्थ चरण में छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन में हुई त्रुटियों को सुधारने के लिए 29 अप्रैल से 06 मई 2026 तक का समय निर्धारित किया गया है। इसके बाद छात्र-छात्राएं संशोधित आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित संबंधित शिक्षण संस्थान में जमा करेंगे।
संस्थानों द्वारा अभिलेखों का मिलान कर आवेदन स्वीकार करने, अपात्र आवेदनों को निरस्त करने तथा पात्र छात्रों के आवेदन को ऑनलाइन सत्यापित कर अग्रसारित करने की समयावधि 29 अप्रैल से 13 मई 2026 तक निर्धारित की गई है।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने समस्त प्रबंधक/प्राचार्य/प्रधानाचार्य को अवगत कराया है कि वे अपने संबंधित विश्वविद्यालय/एफिलिएटिंग एजेंसी से समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र छात्र-छात्रा छात्रवृत्ति के लाभ से वंचित न रह जाए।
--------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

