हाइवे पर 72 करोड़ 70 लाख से होगा ऊपरगामी सेतु का निर्माण, विधायक ने किया शिलान्यास

फिरोजाबाद, 28 अप्रैल (हि.स.)। शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार हेतु सी एल जैन डिग्री कॉलेज से लेकर फायर ब्रिगेड चौराहा तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर ऊपरगामी सेतु का निर्माण होगा। सोमवार को भाजपा विधायक ने हवन पूजन के साथ निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
फिरोजाबाद नगर के सी एल जैन डिग्री कॉलेज से लेकर फायर ब्रिगेड चौराहा तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक ऊपरगामी सेतु का निर्माण सेतु निगम द्वारा किया जाएगा। जिससे नगर में यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा। इस ओवरब्रिज को बनाने के लिए स्थानीय विधायक मनीष असीजा ने नगर के जन प्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और आमजन की उपस्थिति में सोमवार को हवन पूजन कर विधि विधान से निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की सरकारें नित नए विकास के आयाम स्थापित कर रही हैं। इसी क्रम में फिरोजाबाद की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए इस ओवर ब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। इससे नगर और जिले की जनता को तथा बाहर से नगर में आने वाले लोगों को बहुत लाभ मिलेगा। इससे पूर्व पंडित वीरेश उपाध्याय द्वारा हवन यज्ञ के माध्यम से विधिवत मंत्रोचार के साथ भूमि पूजन किया गया।
इस अवसर पर महापौर कामिनी राठौर, पूर्व सांसद प्रोफेसर ओमपाल सिंह निडर, नानक चंद अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर, भगवानदास शंखवार, राकेश शंखवार, हरिओम वर्मा, श्याम सिंह यादव, सुनील शर्मा, रविन्द्र शर्मा, अमित गुप्ता, बी एस गुप्ता, उद्योगपति प्रदीप गुप्ता, महेंद्र बंसल, कैलाश उपाध्याय, जया शर्मा, मूवी शर्मा, निहारिका वर्मा प्रधान, मधुरिमा गुप्ता, पूनम शर्मा, राम लड़ेती लकी आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़