नाला-नालियों के ऊपर स्थाई व अस्थाई कब्जाधारियों के खिलाफ नगर निगम ने की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
नाला-नालियों के ऊपर स्थाई व अस्थाई कब्जाधारियों के खिलाफ नगर निगम ने की कार्रवाई


कानपुर, 28 फरवरी (हि.स.)। नगर निगम द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के खिलाफ शुक्रवार को महापौर प्रमिला पांडेय की अगुवाई में काकादेव हितकारी नगर वार्ड 86 के अंतर्गत नाला-नालियों के ऊपर स्थाई व अस्थाई 60-65 कच्चे-पक्के अतिक्रमण गिराये गये। साथ ही अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वार्ड 86 हितकारी नगर काकादेव में महापौर आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान मिली अवैध अतिक्रमण की शिकायतों का संज्ञान लेते हुए महापौर प्रमिला पांडेय ने मौके का जायजा लिया तो पाया कि फुटपाथ और नाली कब्जा करके दुकानें सड़क तक बढ़ा ली गयी थी। जिसे देख महापौर ने तत्काल प्रभाव से लोडर एवं नगर निगम की टीम काे मौके पर बुलाया। जिसके बाद पी-ब्लाक हितकारी नगर, काकादेव की आन्तरिक गलियों का अतिक्रमण अभियान शुरू किया गया, जो नाला-नालियों एवं फुटपाथ पर स्थायी अस्थायी अतिक्रमण गिराते हुए लगभग 500 मीटर का क्षेत्र खाली कराया गया। अभियान में लगभग 60-65 कच्चे-पक्के अतिक्रमण गिराये गये।

महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि प्रतिदिन नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को नाला-नाली सफाई में परेशानी होती है। साथ ही इलाक़ाई लोग गंदगी एवं अतिक्रमण से परेशान है। इसी के चलते इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया है। साथ ही शहर में जब तक अतिक्रमण पूरी तरह से खत्म नहीं हो जाता है। तब तक यह अभियान जारी रहेगा।

इस दौरान वार्ड 86 पार्षद कमलेश त्रिवेदी दद्दा, मुख्य अभियन्ता सिविल सैय्यद फरीद अख्तर जैदी, जोनल अभियन्ता, जोन छह आरके सिंह, जोनल अधिकारी, जोन छह रवि शंकर यादव अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story