गोलघर में सौंदर्यीकरण व नाला निर्माण कार्यों का निरीक्षण, तेजी लाने के निर्देश
गोरखपुर, 11 मई (हि.स.)। शहर के व्यस्ततम एवं प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र गोलघर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं नाला निर्माण कार्यों का सोमवार को महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव एवं मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने कहा कि शहर के सौंदर्यीकरण और जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए किए जा रहे सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से यह निर्देश दिया कि निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा या खतरे का सामना न करना पड़े।
महापौर ने गोलघर क्षेत्र में सड़क पर की गई अत्यधिक बैरीकेडिंग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों से कहा कि अनावश्यक बैरीकेडिंग तत्काल हटाई जाए। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में अत्यधिक अवरोध होने से व्यापारियों, ग्राहकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में कार्यों को इस प्रकार संचालित किया जाए कि बाजार की गतिविधियां प्रभावित न हों और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गोलघर जैसे अत्यधिक व्यस्त क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही व्यापारियों और स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित कर कार्यों को तेजी से पूर्ण कराया जाए।
वहीं मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने दुर्गाबाड़ी क्षेत्र में चल रहे नाला निर्माण एवं सफाई कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न किया जाए और जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कर क्षेत्रवासियों को राहत प्रदान की जाए।
मंडलायुक्त ने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा प्रबंधों को लेकर विशेष सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि रात्रि के समय कार्यस्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, रिफ्लेक्टर, चेतावनी संकेतक एवं सुरक्षित बैरीकेडिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्माण कार्यों में लापरवाही अथवा सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण कोई दुर्घटना होती है तो संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था की जवाबदेही तय की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव सहित नगर निगम, यातायात पुलिस एवं संबंधित विभागों के कई अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों और व्यापारियों की समस्याएं भी सुनीं तथा शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन की सक्रियता और निगरानी से निर्माण कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे होंगे तथा गोलघर क्षेत्र की यातायात और जलनिकासी व्यवस्था पहले से अधिक बेहतर और व्यवस्थित हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

