कांग्रेस के निष्क्रिय पदाधिकारियों की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी : पवन गुप्ता

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस के निष्क्रिय पदाधिकारियों की सूची प्रदेश नेतृत्व को भेजी जाएगी : पवन गुप्ता


कानपुर, 17 जनवरी (हि.स.)। कानपुर महानगर कांग्रेस निष्क्रिय पदाधिकारियों की सूची प्रदेश अध्यक्ष को भेजने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए पार्टी अब निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाने की तैयारी में है। यह जानकारी शनिवार को कांग्रेस नगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के दौरान दी।

अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर ऐसे महानगर पदाधिकारियों और वार्ड अध्यक्षों की सूची मांगी गई है जो पार्टी के कार्यक्रमों में भागेदारी नहीं करते। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठन में केवल सक्रिय, जनसंपर्क में जुड़े और कार्यकर्ता भाव से काम करने वाले पदाधिकारियों को ही जिम्मेदारी मिलनी चाहिए। इस प्रक्रिया का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत, गतिशील और जनता से जुड़ा बनाना है। जिसे लेकर आज संगठन के निष्क्रिय पदाधिकारियों के लिए तैयार रिपोर्ट की समीक्षा करी।

उन्होंने बताया कि महानगर स्तर पर कई पदाधिकारियों और वार्ड अध्यक्षों के लिए शिकायतें प्राप्त हुईं हैं। रविवार को मासिक बैठक के बाद ऐसे पदाधिकारियों की सूची पर निर्णय लेकर सोमवार को प्रदेश कार्यालय भेज दी जाएगी। उस सूची के साथ ही नए प्रस्तावित पदाधिकारियों और वार्ड अध्यक्षों की सूची भी भेजी जाएगी।

कांग्रेस अब संगठन में सुस्ती बर्दाश्त नहीं करेगी, जो पदाधिकारी ज़मीनी स्तर पर सक्रिय नहीं हैं, उन्हें हटाकर मेहनती और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को आगे लाया जाएगा। यह फैसला संगठनात्मक मजबूती की दिशा में निर्णायक कदम माना जा रहा है।

बैठक में महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता, शंकर दत्त मिश्रा, इकबाल अहमद, निजामुद्दीन खान, राजेश गौतम, पदम मोहन मिश्रा, राकेश साहू, अमिताभ मिश्रा, चंद्रमनी मिश्रा, डा.महादेव, अमिताभ दत्त मिश्रा, आसिफ इकबाल, शांतनु दीक्षित, विनोद अवस्थी आदि थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story