निर्माणाधीन मार्केट का लेंटर गिरा, महिला समेत तीन घायल

WhatsApp Channel Join Now
निर्माणाधीन मार्केट का लेंटर गिरा, महिला समेत तीन घायल


नोएडा, 12 जुलाई (हि.स.)। थाना सेक्टर 24 क्षेत्र के सेक्टर 33 में नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा एक मार्केट का निर्माण करवाया जा रहा है। उक्त मार्केट में आज लेंटर डाला जा रहा था। लेंटर डालते समय शटरिंग भर-भराकर गिर गई। इस घटना में एक महिला समेत तीन मजदूर को चोट आई है। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दो मजदूरों की हालत नाजुक बनी हुई है।

थाना सेक्टर -24 के प्रभारी निरीक्षक सुबोध कुमार ने रविवार काे बताया कि सेक्टर 33 में नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा मार्केट का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उक्त मार्केट के निर्माण का ठेका बबलू नामक ठेकेदार के पास है आज दुकानों पर लेंटर डाला जा रहा था। उसी समय लेटर के लिए लगाई गई शटरिंग भर-भराकर गिर गई। जिससे लेटर का मलवा और सरिया भी नीचे आ गिरा। वहां काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए प्रकाश अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। दो की हालत नाजुक बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घायल मजदूरों की पहचान संजना देवी उम्र 35 वर्ष, प्यारेलाल उम्र 40 वर्ष, शिवलाल उम्र 37 वर्ष के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड के लोगों ने रेस्क्यू अभियान चलाया। घायल ठेकेदार बबलू को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि अगर इस मामले में घायलों के परिजन कोई शिकायत करेंगे तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच करेगी। इस घटना के बाद मौके पर काफी लोगों इकट्ठे हो गए। लोगों ने नोएडा विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे मार्केट की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story