सम्मान और संस्कृति का संगम बना विन्ध्य महोत्सव का आखिरी दिन

WhatsApp Channel Join Now
सम्मान और संस्कृति का संगम बना विन्ध्य महोत्सव का आखिरी दिन


मीरजापुर, 2 अक्टूबर (हि.स.)। मां विन्ध्यवासिनी धाम में शारदीय नवरात्र मेला और रोडवेज परिसर में चल रहे विन्ध्य महोत्सव का समापन गुरुवार को उल्लास और भक्ति भाव के बीच हुआ। समापन अवसर पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा ने मेला क्षेत्र और महोत्सव में तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों व सफाई मित्रों को चुनरी, मां का चित्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

विन्ध्य महोत्सव समिति ने भी जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इसी बीच अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विशेष क्षण देखने को मिला, जब 115 वर्षीय माता गुलाम उपाध्याय सहित तीन वृद्ध महिलाओं को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक मंच पर लोकगायक मंटू मिश्र और संजीव तिवारी की मनमोहक प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देवीगीत, भजन और कजरी पर श्रोता देर तक झूमते रहे, वहीं गार्विका अग्रहरि की प्रस्तुति ने भी खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट व अन्य अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। सभी को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सफाई मित्रों को टिफिन व प्रमाण पत्र देकर विशेष रूप से सराहा गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765335 Articles

Share this story