01 अप्रैल को निकलेगी भगवान चित्रगुप्त की शोभायात्रा
गोरखपुर, 29 मार्च (हि.स.)। गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में कायस्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष वैद्य राजीव सिन्हा ने कहा कि आगामी 01 अप्रैल 2026 (बुधवार) को शाम 6 बजे भगवान चित्रगुप्त की भव्य शोभायात्रा इस वर्ष भी निकाली जाएगी।
उन्होंने कहा कि भगवान चित्रगुप्त समस्त सृष्टि के न्याय के देवता हैं और उन्हें किसी एक जाति तक सीमित करना उचित नहीं है। कायस्थ कोई जाति नहीं, बल्कि ब्रह्मकुल है। ईश्वर सभी के होते हैं। इस संदेश को समाज में प्रसारित करने का कार्य परिषद पिछले कई दशकों से कर रही है। उन्होंने कहा कि कलम को आत्मसात करने वाला हर व्यक्ति भगवान चित्रगुप्त का वंशज है।
राजीव सिन्हा ने आगे कहा कि चैत्र पूर्णिमा के दिन भगवान चित्रगुप्त का प्रकटोत्सव हुआ, इसी कारण नववर्ष का शुभारंभ भी इसी कालखंड में माना जाता है। उन्होंने भगवान चित्रगुप्त को न्याय के साथ-साथ धन के देवता भी बताया और “हर घर चित्रगुप्त, हर घर कलम-दवात” का संदेश दिया।
उन्होंने यह भी कहा कि देश के प्रत्येक न्यायालय में भगवान चित्रगुप्त की मूर्ति स्थापित किए जाने के लिए परिषद संकल्पित है।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया गया कि शोभायात्रा परिषद के केंद्रीय कार्यालय (होटल बाबीना के सामने, नियामतचक) से प्रारंभ होकर तरंग चौक, आर्य नगर, हजारीपुर, जटाशंकर होते हुए पुनः केंद्रीय कार्यालय पर समाप्त होगी, जहां आरती एवं महाप्रसाद का आयोजन किया जाएगा। प्रेस वार्ता में परिषद के राष्ट्रीय संगठन मंत्री दिप्तिमान श्रीवास्तव, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार, जिला सचिव दिनेश श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

