जांच टीम को मानकविहीन मिले निर्माण कार्य

WhatsApp Channel Join Now
जांच टीम को मानकविहीन मिले निर्माण कार्य


जल्द डीएम को जाएगी रिपोर्ट

हमीरपुर, 13 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले मे सुमेरपुर में नगर पंचायत द्वारा कराए गए पांच निर्माण कार्यों की बुधवार को नायब तहसीलदार के नेतृत्व में आई जांच टीम ने मौके पर जाकर गहन जांच पड़ताल की। टीम को सभी कार्य मानकविहीन मिले हैं।

सुमेरपुर कस्बा निवासी युवक ने नगर पंचायत द्वारा कराए जा रहे अलग-अलग वार्डों के कार्यों में धांधली किए जाने की शिकायत जिलाधिकारी से की थी। जिलाधिकारी ने जांच टीम बनाकर जांच के आदेश दिए थे। बुधवार को नायब तहसीलदार प्रदीप निगम के नेतृत्व में पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने तपोभूमि, पशु बाजार, देवगांव मार्ग आदि जगहों पर जाकर निर्माण कार्यों की हकीकत को परखकर रिपोर्ट तैयार की है। टीम को पशु बाजार के समीप बनाये गए नाला में ढेरों खामियां मिली है। यहां पर नाला को पूरी तरह से ढका नहीं गया है। साथ ही नाला के ऊपर डाली गई पटिया 6 इंच की जगह 5 एवं 4 इंच की मिली है। इसी तरह टीम को अन्य कार्यों में तमाम कमियां मिली है।

नायब तहसीलदार प्रदीप निगम एवं पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता ने बताया कि जल्द ही जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी जाएगी। जांच के दौरान नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश चंद्र आर्य, अवर अभियंता श्री कृष्ण प्रजापति सहित ठेकेदार मौजूद रहे।

जांच टीम ने शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाया था लेकिन वह नहीं आए। चर्चा है कि शिकायतकर्ता के कुछ भुगतान नगर पंचायत में फंसे हुए थे। इससे खुन्नस खाकर उसने शिकायत की थी। बाद में नगर पंचायत अध्यक्ष के समझाने बुझाने तथा भुगतान का आश्वासन मिलने पर उसने शिकायत वापस लेने का समझौता कर लिया था। इसी वजह से वह जांच टीम के बुलाने के बाद मौके पर नहीं आया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story