प्रयागराज के नाम रहा “स्वच्छ घाट 2024“ का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज के नाम रहा “स्वच्छ घाट 2024“ का सम्मान


-स्वच्छ भारत मिशन के तहत आयोजित कार्यक्रम में “स्वच्छ घाट 2024“ श्रेणी में प्रयागराज नगर निगम को मिला पहला स्थान

-“स्वच्छता ही सेवा 2024“ जनभागीदारी श्रेणी में प्रयागराज ने हासिल किया दूसरा स्थान

लखनऊ, 04 अप्रैल (हि.स.)। महाकुम्भ में स्वच्छता का सन्देश देने और पूरे विश्व को स्वच्छ प्रयागराज की झलक दिखाने के बाद प्रयागराज नगर निगम ने ‘स्वच्छता अभियान 2024’ में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। केंद्र सरकार द्वारा स्वच्छ भारत मिशन नगरीय के तहत देश भर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों और आयोजनों में प्रयागराज ने “स्वच्छ घाट 2024“ श्रेणी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। वहीं, “स्वच्छता ही सेवा 2024“ अभियान की जनभागीदारी श्रेणी में प्रयागराज को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ है। प्रदेश भर के नगर निकायों ने इस प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था।

-लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में मिला सम्मान

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शुक्रवार को यह पुरस्कार नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा द्वारा प्रयागराज नगर निगम के अपर नगर आयुक्त अरविंद राय और जोनल अधिकारी संजय ममगाई द्वारा प्राप्त किया गया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों से शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त हुई है। इसी का परिणाम है कि प्रयागराज नगर निगम ने “स्वच्छ घाट 2024“ श्रेणी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इसके साथ ही “स्वच्छता ही सेवा 2024“ अभियान में प्रयागराज को जनभागीदारी श्रेणी में द्वितीय स्थान मिलना सराहनीय है।

मंत्री श्री शर्मा ने महाकुम्भ के दौरान प्रयागराज नगर निगम द्वारा की गई उत्कृष्ट सफाई व्यवस्था की भी तारीफ की और सभी निकायों को ऐसे ही कार्य करने को कहा। उन्होंने कहा कि नगर निगम ने जिस प्रकार सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट कंट्रोल रूम का निर्माण करवा कर शहर को स्वच्छ बनाने में तकनीकी का उपयोग किया है, उससे आप सभी को प्रेरित होना चाहिए।

उन्होंने कहा कि महाकुम्भ के दौरान प्रयागराजवासियों ने जिस प्रकार नगर निगम को सहयोग किया और शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग किया, वह काबिल-ए-तारीफ है। नागरिकों की भागीदारी और निगम की तत्परता और प्रयासों से प्रयागराज ने यह उपलब्धि हासिल की है। प्रयागराज के महापौर गणेश केसरवानी एवं नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग ने इस उपलब्धि पर सभी को धन्यवाद दिया और उत्साहवर्धन कर उन्हें स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story

News Hub