देवरिया : जिला कारागार में निरुद्ध बंदी की तबीयत बिगड़ी, मौत

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : जिला कारागार में निरुद्ध बंदी की तबीयत बिगड़ी, मौत


देवरिया, 06 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला कारागार में बंद एक वृद्ध कैदी की गुरुवार को तबीयत बिगड़ गई। जिसे जेल प्रशासन ने मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसकी सांसें थम गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

कुशीनगर जिले के पटेहरवा थाना क्षेत्र के भटरहवा गांव निवासी 80 वर्षीय हकीक अंसारी जमीनी विवाद से जुड़े मामले में देवरिया जिला कारागार में निरुद्ध थे। कैदी की तबीयत बिगड़ने पर इलाज के लिए गुरुवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने बताया कि वह लंबे समय से उच्च रक्तचाप (बीपी) और मधुमेह (शुगर) की बीमारी से पीड़ित थे तथा नियमित रूप से दवाएं लेते थे। बताया जा रहा है कि जेल में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो गई। मृतक के छोटे भाई रफीक अंसारी भी जिला कारागार बन्द हैं।

परिवार के लोगों ने बताया कि मृतक के चार बेटे मेराज, हैदर, मुस्तफा, क्यूम हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजन मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

जेलर राजकुमार वर्मा ने बताया कि जिला कारागार में बंद एक विचाराधीन बंदी की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story