पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा पुष्प महोत्सव : उषा झुनझुनवाला
कानपुर, 24 फरवरी (हि.स.)। आज के दौर में जंगल घटते जा रहे हैं, ऐसे में घरों और बंगलों में हरियाली और फूलों को सहेजना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह प्रदर्शनी न केवल फूलों की सुंदरता को दर्शाएगी, बल्कि पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश भी देगी। पुष्प प्रदर्शनी के माध्यम से हम लोगों को प्रकृति से जोड़ने और बागवानी के प्रति रुचि विकसित करने का प्रयास कर रहे हैं। यह बातें मंगलवार को कानपुर फ्लोरीकल्चर सोसायटी की अध्यक्षा ऊषा झुनझुनवाला ने कही।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा घरों, बंगलों और अपार्टमेंट में उगाए जाने वाले शोभाकारी पौधों एवं फूलों की सुंदरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कानपुर फ्लोरीकल्चर सोसायटी द्वारा दो दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी 28 फरवरी से एक मार्च तक जेके लॉन, कमला नगर में आयोजित होगी।
नवीन मार्केट स्थित कानपुर प्रेस क्लब में प्रेस वार्ता कर सोसायटी की अध्यक्षा ऊषा झुनझुनवाला, उपाध्यक्ष डॉ. सुषमा मानिकताला और सचिव राजश्री डालमिया ने संयुक्त रूप से बताया कि वर्ष 2007 में स्थापित यह सोसायटी प्रतिवर्ष इस प्रकार के आयोजन कर शहरवासियों को बागवानी और हरित वातावरण के प्रति प्रेरित करती आ रही है।
सचिव राजश्री डालमिया ने जानकारी दी कि प्रदर्शनी में डहेलिया, ग्लैडियोलस, लिली, गुलाब, नरगिस, रजनीगंधा, डैफोडिल, ट्यूलिप, बिगोनिया सहित कई दुर्लभ और विलुप्तप्राय शोभाकारी पौधों को प्रदर्शित किया जाएगा। इन्हें सात प्रमुख वर्गों और 133 उपश्रेणियों में वर्गीकृत कर लगभग 3000 गमलों में सजाया जाएगा।
रश्मी वैद्य एवं पूनम भागर्व ने बताया कि इस वर्ष सेक्शन प्रथम एवं द्वितीय को दो भागों में विभाजित किया गया है। इसके अलावा पुष्प सज्जा, बोनसाई पौधे, विभिन्न प्रकार के फल-सब्जियां, अचार और अन्य घरेलू उत्पादों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
समिति की सदस्य भारती गर्ग और अंजली अग्रवाल ने बताया कि सर पदमपत सिंघानिया एजुकेशन सेंटर के सहयोग से विभिन्न विद्यालयों के बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा, जिससे बच्चों में प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

