पहली नौकरी अपने आप में होती है अनूठीः डीएम

WhatsApp Channel Join Now
पहली नौकरी अपने आप में होती है अनूठीः डीएम


चयनित 12 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं 23 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित

हमीरपुर, 30 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर मे कलेक्ट्रेट स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में विधायक राठ मनीषा अनुरागी द्वारा जिलाधिकारी घनश्याम मीना की उपस्थिति में सोमवार को बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की नव चयनित 12 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं 23 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र, ३38 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं 16 मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन का वितरण तथा नवनिर्मित 6 आंगनवाड़ी केन्द्रों का लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने सभागार में उपस्थित नव चयनित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं तथा स्मार्टफोन की लाभार्थियों को बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की प्रेरणा से देश की आधी आबादी को आगे बढ़ने के लिए बहुत सारे अवसर मिल रहे हैं। पहली नौकरी अपने आप में अनूठी होती है, जिससे हम भावनात्मक रूप से जुड़ते हैं और उस नौकरी के माध्यम से हम अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर सकते हैं। सरकार का विजन है कि देश की आधी आबादी आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर व सशक्त हो। सामाजिक स्तर पर आपकी जिम्मेदारी बहुत ही खास है। संभावित माताओं और छोटे-छोटे बच्चे जो देश का भविष्य हैं, के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी आपके हांथों में है। आप सबको अपने काम की पूरी जानकारी होनी चाहिए, जितना अच्छा आप सीखेंगे उतना ही अच्छा कर पायेंगे। उन्होने कहा कि 6 नवनिर्मित आंगनवाड़ी भवन जिनका लोकार्पण किया गया है, उनसे विभागीय कार्य की कार्य क्षमता में वृद्धि होगी।

जनपद के सभी आंगनवाड़ी केन्द्रों पर फर्नीचर सहित अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें और बेहतर व उपयोगी बनाये जाने का प्रयास किया जा रहा है। आप सभी को जो स्मार्टफोन उपलब्ध कराये गये है, उनमें विभागीय एप्स की जानकारी व उनका संचालन अच्छे से सीख लें, इससे निश्चित रूप से आपको कार्य करने में आसानी होगी। इस मौके पर विधायक राठ ने भी कहा कि आप सभी समाज की आधारशिला हैं। देश के भविष्य की नींव मजबूत करने का काम आपके हाथों में हैं। कुपोषण को लेकर हमारी सरकार सजग है और इसे खत्म करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आप सभी पूरी निष्ठा व लगन के साथ कार्य करें, उसमें किसी भी प्रकार की समस्या आए तो हमें अवगत कराएं। आपकी हर संभव मदद की जाएगी। इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि अशोक तिवारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी इन्द्रपाल सिंह, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अमित सोनकर, सूचना अधिकारी सतीश कुमार, सीडीपीओ राठ प्रीति भिलवारे सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी तथा नवचनित आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां व सहायिकाएं आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story