प्रदेश के किसान अब आधुनिक खेती की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं : सूर्य प्रताप शाही
देवरिया, 24 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र पथरदेवा के अंतर्गत नगर पंचायत हेतिमपुर (कोटवा बावन मोर्चा) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रगतिशील किसान राजेंद्र पासवान के खेत पहुंचकर जायद सीजन में तैयार की गई मक्का फसल का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किसान द्वारा अपनाई जा रही आधुनिक खेती पद्धति और फसल विविधीकरण की सराहना की। खेत में लहलहाती मक्के की फसल देखकर उन्होंने खुशी जताई और कहा कि प्रदेश के किसान अब आधुनिक खेती की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसान राजेंद्र पासवान केवल मक्का ही नहीं बल्कि केले की भी खेती कर रहे हैं। सह-खेती और फसल विविधीकरण आज के समय में खेती को लाभकारी बनाने का सबसे बेहतर तरीका है। मंत्री ने कहा कि परंपरागत खेती के साथ नकदी फसलों को अपनाकर किसान अपनी आमदनी में बड़ा इजाफा कर सकते हैं।
कृषि मंत्री ने कहा, “हमारे किसान भाई अब पूरी तरह जागरूक हो चुके हैं। जायद के मौसम में मक्के की खेती और साल भर केले जैसी नकदी फसलों की खेती कर किसान अपनी आय दोगुनी-तिगुनी कर रहे हैं। यह नए उत्तर प्रदेश के बदलते किसान की तस्वीर है।”
उन्होंने प्रदेश के किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे पारंपरिक फसलों के दायरे से बाहर निकलकर मक्का, केला, मूंग जैसी लाभकारी फसलों की खेती अपनाएं। इन फसलों में लागत अपेाकृत कम आती है, जबकि मुनाफा अधिक मिलता है। इस दौरान क्षेत्र के किसान एवं स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

