बच्चों के शव देख बिलख पड़े परिजन, साध्वीं निरंजन ज्योति की भर आई आंखें

WhatsApp Channel Join Now
बच्चों के शव देख बिलख पड़े परिजन, साध्वीं निरंजन ज्योति की भर आई आंखें


हमीरपुर, 07 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र के कुतुबपुर के भौला मजरा में यमुना नदी में नाव पलटने से महिला समेत छह लोगों की मौत से पूरे क्षेत्र में मातम छा गया है। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ व पीएसी फ्लड टीम के संयुक्त सर्च आपरेशन में गुरुवार को छह लोगों के शव मिल गए है। बच्चों के शवों को देख परिजन बिलख पड़े वहीं मौके पर पहुंची राष्ट्रीय पिछड़ा आयोग की चेयरमैन साध्वीं निरंजन ज्योति की भी आंखें भर आई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने की कार्रवाई की है।

उल्लेखनीय है कि कल बुधवार को यमुना नदी में खरबूजे के चक्कर में नौ लोगों से भरी नाव पलट गई थी जिसमें गोताखोरों ने तीन को नदी से बाहर निकाल लिया था। इनमें पारुल व रिंकू को इलाज के लिए सीएचसी में भर्ती कराया गया। सूचना पाते ही डीएम अभिषेक गोयल, एसपी मृगांक शेखर पाठक, एसडीएम व सीओ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर नदी में लापता छह लोगों की तलाश के लिए एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीम को लगाया था। गुरुवार को महिला समेत छह लोगों के शव सर्च आपरेशन में मिलते ही ग्रामीणों में कोहराम मच गया। कल से लगातार चलाए जा रहे सर्च आपरेशन में महिला व पांच बच्चों के शव मिलने पर राष्ट्रीय़ पिछड़ा आयोग की चेयरमैन साध्वी निरंजन ज्योति मौके पर पहुंची। उन्होंने परिजनों से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। महिलाओं के बिलखकर रोने से उनकी भी आंखें भर आई है। मृतकों के परिजन बदहवाश है। मौके पर नाविक धीरू ने बताया कि बहन की शादी में रिश्तेदार आए थे जो विदाई के बाद खरबूजा खाने के लिए सभी लोग नाव में बैठकर यमुना नदी पार गए थे। लौटते समय नदी के बीच धार नाव डिसबैलेंस होकर पलट गई जिससे सभी लोग डूब गए। विष्णु, पारुल व रिकं को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया जबकि अन्य छह लोग लापता हो गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Share this story