श्रीबांके बिहारी मंदिर व प्रेम मंदिर का डीएम और एसएसपी ने पैदल भ्रमण किया
मथुरा, 04 सितम्बर(हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के पावन अवसर पर मथुरा और वृंदावन में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। जन्माष्टमी पर्व के दृष्टिगत जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने शुक्रवार दोपहर श्रद्धालुओं, पर्यटकों, दर्शनार्थियों एवं परिक्रमार्थियों की सुविधा हेतु श्री बांके बिहारी जी मंदिर, प्रेम मंदिर तथा आस-पास के क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने स्वास्थ्य, सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, प्रकाश और जूता-घर आदि व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने श्री बांके बिहारी जी मंदिर के प्रवेश व निकास द्वारों तथा मंदिर को जोड़ने वाली प्रमुख गलियों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को सुदृढ़ और चाक-चौबंद व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया मंदिर परिसरों और प्रमुख मार्गों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और वॉच टावरों के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर कड़ी नजर रखी जा रही है। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नो-एंट्री, पार्किंग और वन-वे ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
श्री बांके बिहारी मंदिर और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर दर्शन के लिए तय नियमों और सीमित संख्या (जैसे मंगला आरती के लिए पास व्यवस्था) का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाइव प्रसारण की भी व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ब्रजभूमि के दौरे के दौरान अयोध्या और काशी की तर्ज पर मथुरा-वृंदावन के भव्य विकास का संकल्प दोहराया है, जिससे श्रद्धालुओं को भविष्य में और आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं मिल सकें। प्रशासन ने सभी आगंतुकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन लाभ प्राप्त करें और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

