अतिक्रमण हटाने पहुंचा बुलडोजर खुद नाले में फंसा
प्रशासन ने नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को ढहाया
हमीरपुर, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बीएसएनएल ऑफिस के पीछे रविवार को प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान एक अप्रत्याशित घटना में अतिक्रमण हटाने पहुंचा बुलडोजर ही नाले में फंस गया। बताया जा रहा है कि मौके पर नाले का लेंटर अचानक टूट गया, जिससे बुलडोजर का एक टायर गहरे गड्ढे में धंस गया।
बीएसएनएल ऑफिस के पीछे की बस्ती में निकलने वाले बड़े नाले को लोगों ने पाट दिया और शौचालय, जीना आदि बनाकर अवैध कब्जे कर लिए है। जिससे नाले की सफाई कार्य में दिक्कत होती है। नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए कई बार नोटिस जारी की। लेकिन लोगों पर इसका कोई असर नहीं दिया। जिस पर रविवार को नगर पालिका प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने का कार्य किया। मौके पर नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) हेमराज सिंह ने रविवार को बताया कि तहसीलदार की मौजूदगी में नगर पालिका कर्मी बुलडोजर लेकर पहुंचे। तभी बुलडोजर नाले के किनारे धंस गया। जिससे अभियान में व्यवधान जरूर आया, लेकिन प्रशासन ने हार नहीं मानी है। नगर पालिका के दर्जनों कर्मी मौके पर मौजूद रहकर हाथों में हथौड़े लेकर अतिक्रमण को तोड़ने का काम किया। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सदर कोतवाली व कुरारा थानों की पुलिस फोर्स किसी भी संभावित विरोध को रोकने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मुस्तैद रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

