फंदे पर लटका मिला युवक का शव, पत्नी की हत्या में गया था जेल

WhatsApp Channel Join Now
फंदे पर लटका मिला युवक का शव, पत्नी की हत्या में गया था जेल


फिरोजाबाद, 21 अप्रैल (हि.स.)। थाना रामगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत सोमवार को एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला है। मृतक पत्नी की हत्या के आरोप में पिछले तीन माह पूर्व ही जेल से छूटकर आया था। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

थाना रामगढ़ क्षेत्र के मौहल्ला ठार पूठा निवासी पूरन (22) पुत्र राधेश्याम का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला है। पूरन की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। चीख पुकार मचने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर कब्जे में ले लिया। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल लाई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

परिजनों के अनुसार पूरन की शादी ढाई साल पहले हुई थी। शादी के कुछ महीने बाद ही उसकी पत्नी मीना ने अज्ञात कारणों से फांसी लगा ली थी। मीना के परिजनों ने पूरन पर हत्या का आरोप लगाया था। इस मामले में पूरन को जेल भी जाना पड़ा था। तीन महीने पहले ही पूरन जेल से रिहा हुआ था। जेल से लौटने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। वह किसी से बात नहीं करता था और हमेशा अपनी पत्नी की याद में खोया रहता था।

सोमवार को पूरन का शव उसके कमरे में फंदे पर लटका मिला। परिजनों का कहना है कि पत्नी के वियोग में उसने यह कदम उठाया।

थाना प्रभारी रामगढ़ ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़

Share this story