दुर्घटना में मृत पुलिसकर्मी के परिजन को मिला एक करोड़ का बीमा दावा
गोरखपुर, 25 मार्च (हि.स.)। भारतीय स्टेट बैंक की मिनवा शाखा द्वारा पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत एक बड़ी सहायता राशि प्रदान की गई। दुर्घटना में मृत स्वर्गीय राम केवल यादव (निवासी ग्राम डोहरिया, ब्लॉक पाली) के निधन के बाद उनके उत्तराधिकारी श्रीमती मीनू यादव को 1 करोड़ रुपये का बीमा दावा सौंपा गया।
यह राशि आज वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ की उपस्थिति में औपचारिक रूप से प्रदान की गई। इस अवसर पर भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक जितेंद्र कुमार, मुख्य प्रबंधक अमित शंकर, अग्रणी बैंक के मुख्य प्रबंधक मनोज कुमार श्रीवास्तव तथा मिनवा शाखा के शाखा प्रबंधक राजीव मिश्रा भी मौजूद रहे।
मुख्य प्रबंधक लीड बैंक ने बताया कि पुलिस सैलरी पैकेज के अंतर्गत खाताधारकों को विभिन्न बीमा लाभ प्रदान किए जाते हैं, जिससे आकस्मिक परिस्थितियों में उनके परिवार को आर्थिक सुरक्षा मिल सके। इस पहल के तहत मृतक के परिजनों को यह बड़ी राहत राशि दी गई है।
इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की योजनाएं जरूरत के समय परिवार को सहारा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और लोगों को बैंकिंग व बीमा सुविधाओं से जुड़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

