उत्तर प्रदेश वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन की 28वीं आम बैठक संपन्न, डॉ. आई.एम. रोहतगी बने अध्यक्ष
रिपोर्ट: अभिषेक अर्जुन सिंह
LIVE VNS | Sports Journalist
लखनऊ। उत्तर प्रदेश वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन की 28वीं आम बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से डॉ. आई.एम. रोहतगी को एसोसिएशन का अध्यक्ष, गिरीश कपूर को सचिव तथा विजय दीक्षित को कोषाध्यक्ष चुना गया।

बैठक में उत्तर प्रदेश में वेटरन्स क्रिकेट को और अधिक व्यापक स्तर पर बढ़ावा देने तथा आगामी सत्र की प्रतियोगिताओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसोसिएशन के सचिव गिरीश कपूर ने बताया कि इस वर्ष प्रदेश के 36 जिले चैंपियनशिप में भाग लेंगे।
प्रतियोगिता में वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, गोरखपुर, महाराजगंज, बस्ती, गोंडा, मऊ, कानपुर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, हरदोई, बांदा, महोबा, झांसी, जालौन, हमीरपुर, बरेली, लखीमपुर, शाहजहांपुर, पीलीभीत, रामपुर, अमरोहा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हाथरस, एटा, मथुरा, आगरा, इटावा और संभल की टीमें हिस्सा लेंगी।
4 अक्टूबर से शुरू होगी डॉ. गौरहरि सिंहानिया चैंपियनशिप
सचिव गिरीश कपूर ने बताया कि इस वर्ष भी डॉ. गौरहरि सिंहानिया चैंपियनशिप का आयोजन प्रदेश के सभी 36 जिलों में किया जाएगा। प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी।
चैंपियनशिप का आयोजन 4 अक्टूबर से 24 जनवरी तक प्रस्तावित है। प्रतियोगिता के सफल और सुचारु संचालन के लिए एसोसिएशन ने आठ कोऑर्डिनेटर भी नियुक्त किए हैं।
इनमें ओ.पी. कोहली (बरेली), अमरुद्दीन (बिजनौर), विनय सिंह (गोरखपुर), राजेश शर्मा (हाथरस), जफर आलम (कानपुर), प्रदीप गुप्ता (बांदा), सोमेश्वर पांडेय (इलाहाबाद) और नीलमणि द्विवेदी (जी.बी. नगर) शामिल हैं।
जनवरी में कानपुर में होगा फाइनल
चैंपियनशिप का फाइनल मुकाबला जनवरी में कानपुर में खेला जाएगा। एसोसिएशन की ओर से विजेता और उपविजेता टीमों के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि की भी घोषणा की गई है।
विजेता टीम को ₹1 लाख, जबकि उपविजेता टीम को ₹50 हजार की धनराशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
मार्च में होगी जे.के. मैक्स रमा मिश्रा चैलेंजर ट्रॉफी
मुख्य चैंपियनशिप के बाद मार्च महीने में जे.के. मैक्स रमा मिश्रा चैलेंजर ट्रॉफी का आयोजन किया जाएगा। चार टीमों की इस प्रतियोगिता में लीग मैचों के दौरान शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा।
टीमों के लिए खिलाड़ियों के चयन की जिम्मेदारी पूर्व टेस्ट क्रिकेटर गोपाल शर्मा को सौंपी गई है।
36 जिलों के पदाधिकारियों और पैट्रन्स को किया गया सम्मानित
आम सभा की बैठक के उपरांत प्रदेश के सभी 36 जिलों के अध्यक्षों और सचिवों के साथ ही उत्तर प्रदेश वेटरन्स क्रिकेट एसोसिएशन के पैट्रन्स को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में योगेश अग्रवाल, संजीव पाठक, सुरेंद्र गुप्ता, दीपक खेमका, संजीव दीक्षित, डॉ. अभिषेक गुप्ता, चंद्रमौलि भारद्वाज, अमिताभ गुप्ता, जितेंद्र अवस्थी सहित कई पदाधिकारी, पैट्रन्स और सदस्य उपस्थित रहे।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. आई.एम. रोहतगी ने बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया तथा आगामी सत्र की प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन के लिए सभी से सहयोग की अपील की।

