ठाकुर समाज का बोर्ड तोड़ने से गांव में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
ठाकुर समाज का बोर्ड तोड़ने से गांव में तनाव, पुलिस ने संभाला मोर्चा


औरैया, 10 नवम्बर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सबलपुर में गांव के बाहर लगा ठाकुर समाज का बोर्ड काे अज्ञात लोगों ने तोड़कर जमीन पर फेंक दिया। बोर्ड तोड़े जाने की जानकारी मिलते ही समाज के लोगों में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। गांव में तनावपूर्ण माहौल की जानकारी पर कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हो गई।

ग्राम सबलपुर निवासी उपेंद्र तोमर ने डायल 112 पर सूचना देकर बताया कि गांव के बाहर ठाकुर समाज का बोर्ड लगा हुआ था, जिसे अज्ञात लोगों ने उखाड़कर जमीन पर फेंक दिया है। सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने मौके का माहौल देखते हुए कोतवाली पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद क्षेत्राधिकारी अजीतमल शैलेंद्र सिंह और प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और ठाकुर समाज के लोगों को समझाकर शांत कराया। साथ ही सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने बोर्ड को दोबारा सही कराने का आश्वासन भी दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। फिलहाल पुलिस ने बोर्ड तोड़ने वाले अज्ञात लोगों की पहचान करने के लिए जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774867 Articles

Share this story